बॉलीवुड एक्टर इमरान हाशमी(Emraan Hashmi) एक बार फिर दर्शकों को डराने के लिए तैयार हैं। रोमांटिक फिल्मों में अपनी अलग पहचान बनाने वाले इमरान ने हॉरर फिल्मों में भी अपनी खास जगह बनाई है। ‘एक थी डायन’, ‘राज’ फ्रेंचाइजी और ‘डिबुक’ जैसी फिल्मों में नजर आ चुके एक्टर अब अपनी नई हॉरर-थ्रिलर फिल्म ‘रूह’ के साथ इस जॉनर में वापसी कर रहे हैं।
फिल्म के ऐलान के साथ ही मेकर्स ने इमरान हाशमी का फर्स्ट लुक जारी किया है जिसमें उनका बेहद रहस्यमयी और डरावना अंदाज देखने को मिल रहा है। इस झलक के सामने आने के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बढ़ गई है।
अनाउंसमेंट वीडियो में दिखा खौफनाक माहौल
आपको बता दें कि सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई इस अपकमिंग फिल्म की अनाउंसमेंट वीडियो में इस हॉरर स्टोरी की हल्की सी झलक देखने को मिलती है। वीडियो की शुरुआत एक बेहद डरावने माहौल के साथ होती है जिसमें सुनसान जंगलों से होते हुए रहस्यमयी सीन को दिखाया जाता है। इस दौरान कुछ अजीबोगरीब घटना, पेड़ से टंगी हुई लड़की की लाश और धुंध से ढंका हुआ एक शीशा सामने आता है।
इसके बाद जब शीशे के ऊपर से धुंध धीरे-धीरे साफ होती है तो इमरान हाशमी का चेहरा दिखाई देता है और फिर कुछ ही पल के अंदर इमरान की आंखों में एक काला साया दिखाई देता है जो उनके डरावने अंदाज और हॉरर एलिमेंट को शो करता है। इसके बाद सामने एंड में इस फिल्म का नाम ‘रूह’ रिवील कर दिया जाता है।
2027 में रिलीज होगी फिल्म
‘रूह’ को लेकर मेकर्स ने जानकारी दी है कि यह फिल्म साल 2027 में सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फिल्म को हिंदी के साथ-साथ तमिल और तेलुगु भाषाओं में भी रिलीज किया जाएगा जिससे इसे ज्यादा से ज्यादा दर्शकों तक पहुंचाने की तैयारी है।
इस हॉरर-थ्रिलर का निर्देशन मयंक शर्मा कर रहे हैं। फिल्म की कहानी विशाल कपूर और मयंक शर्मा ने मिलकर तैयार की है। वहीं इसके निर्माण की जिम्मेदारी विक्रम खाखकर और सनी खन्ना संभाल रहे हैं।
इमरान की हॉरर फिल्मों की लंबी पारी
इमरान हाशमी का हॉरर जॉनर से पुराना रिश्ता रहा है। उन्होंने इससे पहले ‘राज: द मिस्ट्री कन्टीन्यूज’, ‘राज 3’, ‘एक थी डायन’, ‘राज रीबूट’ और ‘डिबुक’ जैसी फिल्मों में काम किया है।
अब ‘रूह’ के साथ इमरान एक बार फिर डर, रहस्य और रोमांच से भरी कहानी लेकर आ रहे हैं। फैंस को उम्मीद है कि एक्टर का यह नया अवतार हॉरर फिल्मों में उनकी पहचान को और मजबूत करेगा।