Greater Noida Missing Teenager Case: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के जेवर क्षेत्र में 15 साल के बच्चे का शव बंद मकान से मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान बनवारी बांस गांव निवासी गोपाल के रूप में हुई है, जो पिछले तीन दिनों से लापता था। शव मिलने की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।
3 दिन पहले घर से हुआ था लापता
जानकारी के मुताबिक, रवि भूषण उर्फ बंटी का बेटा गोपाल 21 मई से अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर शुक्रवार को जेवर कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस भी मासूम की तलाश में जुटी हुई थी।
बंद कमरे में मिला खून से सना शव
शनिवार सुबह परिजनों को सूचना मिली कि गांव रोही के एक खाली कमरे में एक किशोर का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही परिवार मौके पर पहुंचा और शव की पहचान गोपाल के रूप में की। बताया जा रहा है कि कमरे में काफी मात्रा में खून फैला हुआ था और किशोर के सिर पर गहरे चोट के निशान मिले हैं। घटना को देखकर हत्या की आशंका जताई जा रही है।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
गोपाल के परिजनों का आरोप है कि उसकी बेरहमी से हत्या की गई है। बेटे का शव देखकर परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में भी तनाव और डर का माहौल बना हुआ है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत
जेवर कोतवाली प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल की जांच कराई गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Read More:

