नगर निगम चुनाव से पहले पंचकूला(Panchkula) पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय हथियार तस्करी से जुड़े एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से तीन देशी कट्टे और छह जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। इस पूरे मामले की जानकारी डीसीपी क्राइम अमरिंदर सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान साझा की।
DCP के मुताबिक, 2 मई को क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 की टीम ने कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले से आए 21 वर्षीय अजय शर्मा उर्फ टीनू को पकड़ा। आरोपी देवबंद का रहने वाला है और उसके पास से अवैध हथियारों का जखीरा बरामद किया गया।
गुप्त सूचना से पुलिस को मिली सफलता
पुलिस को यह सफलता गुप्त सूचना के आधार पर मिली। दरअसल, पुलिस कमिश्नर शिवास कविराज ने चुनाव के मद्देनजर सभी यूनिट्स को सख्त निगरानी के निर्देश दिए थे। इसी के तहत क्राइम ब्रांच की टीम रायपुररानी इलाके में गश्त कर रही थी तभी सूचना मिली कि एक युवक गांव बागवाला रोड पर हथियारों की सप्लाई के इरादे से मौजूद है।
पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उसके बैग से तीन देशी कट्टे और छह कारतूस बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ रायपुररानी थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
4 दिन की पुलिस रिमांड पर आरोपी
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि बरामद हथियार किसी बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क का हिस्सा हो सकते हैं। पुलिस अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि ये हथियार चुनाव से पहले किसे पहुंचाए जाने थे और इसके पीछे किन लोगों का हाथ है। पूछताछ में आरोपी ने उत्तर प्रदेश के एक अन्य सप्लायर का नाम भी बताया है जिसकी तलाश में पुलिस टीमें वहां दबिश दे रही हैं।
फिलहाल आरोपी को चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की अवैध गतिविधि या हिंसा की कोशिश को सख्ती से रोका जाएगा और इस तरह के तत्वों पर लगातार नजर रखी जा रही है।