HomeBreaking Newsदिल्ली-NCR में 44°C तक पहुंचेगा पारा, हीटवेव का अलर्ट, जानिए देशभर में...

दिल्ली-NCR में 44°C तक पहुंचेगा पारा, हीटवेव का अलर्ट, जानिए देशभर में कैसा रहेगा आज के मौसम हाल…

Weather Update Today : राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में गर्मी ने अपना असर तेज करना शुरू कर दिया है और आने वाले दिनों में हालात और कठिन हो सकते हैं। मौसम के ताजा अनुमान के मुताबिक अगले चार दिनों तक तापमान लगातार बढ़ेगा और अधिकतम पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। तेज धूप और गर्म हवाएं मिलकर लू जैसी स्थिति पैदा करेंगी, जिससे आम लोगों की दिनचर्या प्रभावित होने की आशंका है।

23 अप्रैल को तापमान करीब 42 डिग्री रहने का अनुमान है, जबकि 24 और 25 अप्रैल को गर्मी अपने चरम पर पहुंच सकती है और पारा 43 से 44 डिग्री तक जा सकता है। इन दिनों के लिए हीट वेव को लेकर विशेष चेतावनी जारी की गई है। इसके बाद 26 और 27 अप्रैल को भी राहत के संकेत नहीं हैं जब तापमान 42 डिग्री के आसपास बना रह सकता है।

हरियाणा और उत्तर प्रदेश में बनी रहेगी गर्माहट

दिल्ली-एनसीआर के आसपास के राज्यों में भी मौसम का मिजाज कड़ा बना हुआ है। हरियाणा और उत्तर प्रदेश के अधिकतर इलाकों में आसमान साफ रहने के साथ तेज गर्मी पड़ने की संभावना है। दिन का तापमान 41 से 43 डिग्री के बीच रह सकता है जबकि रात में भी गर्माहट बनी रहेगी और तापमान 23 से 25 डिग्री के आसपास रह सकता है।

उत्तर प्रदेश में तो गर्मी ने मई-जून जैसा रूप ले लिया है। कई हिस्सों में तापमान 45 डिग्री के करीब पहुंच चुका है और पछुआ हवाएं लू का अहसास करा रही हैं। 22 से 26 अप्रैल के बीच प्रदेश के बड़े हिस्से में लू चलने की चेतावनी दी गई है।

राजस्थान के स्कूलों के समय में किया गया बदलाव

राजस्थान में भी स्थिति कम चुनौतीपूर्ण नहीं है। बढ़ती गर्मी को देखते हुए जयपुर जिला प्रशासन ने स्कूलों के समय में बदलाव किया है। 27 अप्रैल से कक्षा 8 तक के छात्रों के लिए स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक ही चलेंगे, ताकि बच्चों को तेज धूप से बचाया जा सके। वहीं, जोधपुर संभाग में 23 अप्रैल को 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, लेकिन इससे गर्मी में खास कमी आने की उम्मीद नहीं है।

पंजाब और मध्य भारत में लू चलने की आशंका

मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान सहित उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में तेज लू चलने की आशंका जताई है। तापमान में 3 से 4 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है। दूसरी ओर, 24 से 28 अप्रैल के बीच हिमालयी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जिससे वहां मौसम कुछ राहत भरा रह सकता है।

यह भी पढ़ें : बंगाल की 152 सीटों पर पहले चरण की वोटिंग शुरू, तमिलनाडु की 234 सीटों पर एक साथ मतदान…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments