दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी Apple ने नेतृत्व में बड़े बदलाव का ऐलान किया है। कंपनी के नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) जॉन टेर्नस होंगे। वह 1 सितंबर 2026 से यह पद संभालेंगे। अब तक CEO की जिम्मेदारी निभा रहे टिम कुक कंपनी में नई भूमिका निभाते हुए एग्जीक्यूटिव चेयरमैन बनेंगे। कंपनी ने कहा है कि टिम कुक और जॉन टेर्नस मिलकर आगे भी Apple को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का काम करेंगे।
25 साल से Apple से जुड़े हैं टेर्नस
जॉन टेर्नस Apple के सबसे अनुभवी अधिकारियों में गिने जाते हैं। वह पिछले 25 वर्षों से कंपनी का हिस्सा हैं और Apple की विकास यात्रा को करीब से देख चुके हैं। उन्होंने साल 2001 में Apple की प्रोडक्ट डिजाइन टीम से अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद 2013 में उन्हें हार्डवेयर इंजीनियरिंग का वाइस प्रेसिडेंट बनाया गया। फिर 2021 में कंपनी ने उन्हें सीनियर वाइस प्रेसिडेंट के पद पर पदोन्नत किया। जॉन टेर्नस iPhone, Mac, iPad, Apple Watch और AirPods जैसे बड़े प्रोडक्ट्स में निभाई अहम भूमिका निभा चुके हैं।
CEO बनने पर क्या बोले टेर्नस?
नए CEO चुने जाने पर जॉन टेर्नस ने कहा कि Apple के मिशन को आगे बढ़ाने का मौका मिलना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा, “मैं उन मूल्यों और विजन के साथ नेतृत्व करने का वादा करता हूं, जिन्होंने दशकों से Apple को खास बनाया है।” टिम कुक ने कहा कि Apple का CEO बनना उनके जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य रहा है। कुक ने कहा, “मुझे पूरा भरोसा है कि जॉन टेर्नस Apple को आने वाले समय में शानदार नेतृत्व देंगे।”
प्रोडक्ट क्वालिटी पर फोकस
जॉन टेर्नस ने Apple के प्रोडक्ट्स की मजबूती और विश्वसनीयता पर विशेष ध्यान दिया है। उनके नेतृत्व में कंपनी ने रीसाइकल्ड एल्युमिनियम का इस्तेमाल बढ़ाया और Apple Watch Ultra 3 में 3D-प्रिंटेड टाइटेनियम जैसे नए मटेरियल्स अपनाए।
Read More

