रविवार 19 अप्रैल को हैदराबाद से हुबली जा रही फ्लाई91 एयरलाइंस की एक उड़ान तकनीकी समस्या के कारण निर्धारित समय पर गंतव्य तक नहीं पहुंच सकी। विमान को करीब चार घंटे तक हवा में रखा गया और बाद में बेंगलुरु एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। बता दें कि घटना के दौरान यात्रियों में चिंता और बेचैनी देखी गई। फ्लाइट IC3401 ने दोपहर करीब 3 बजे हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी। इसे शाम 4:30 बजे हुबली पहुंचना था।
हुबली के पास आई तकनीकी समस्या
सूत्रों के मुताबिक, विमान जब हुबली के नजदीक पहुंचा, तभी तकनीकी गड़बड़ी की समस्या आई। इसी वजह से पायलटों ने तुरंत लैंडिंग की प्रक्रिया रोक दी और विमान को होल्डिंग पैटर्न में डाल दिया। इसके बाद विमान को कुछ समय तक हवा में रखा गया ताकि स्थिति का आकलन किया जा सके और आगे कोई फैसला लिया जा सके। इस दौरान विमान ने मुंडगोड, दावणगेरे और शिवमोग्गा क्षेत्र के ऊपर कई चक्कर लगाए। लंबे समय तक उड़ान जारी रहने से यात्रियों में तनाव बढ़ गया। कुछ यात्री लगातार क्रू मेंबर्स से जानकारी लेते रहे, जबकि कई लोग घबराए नजर आए।
परिजनों को नहीं मिली समय पर जानकारी
यात्रियों के परिवारों ने एयरलाइंस की सूचना व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि उड़ान में देरी और तकनीकी समस्या को लेकर समय पर स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। स्थिति को देखते हुए विमान को बेंगलुरु डायवर्ट किया गया। शाम करीब 7:30 बजे फ्लाइट ने केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग की। सभी यात्री सुरक्षित बताए गए हैं। घटना के बाद तकनीकी खराबी की असली वजह जानने के लिए जांच शुरू की जा सकती है।
Read More
क्या कोई आपकी हर मूवमेंट पर बनाए हुए है नजर? जानिए Location Tracking की पूरी सच्चाई

