पंजाब सरकार की ओर से मोहाली में तीन दिवसीय ‘प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर्स समिट 2026’ का आयोजन किया गया है। सम्मेलन का उद्घाटन मुख्यमंत्री भगवंत मान की मौजूदगी में हुआ। यह समिट 13 मार्च से 15 मार्च तक चलेगी, जिसमें यूनाइटेड किंगडम, जापान और दक्षिण कोरिया सहित कई देशों के प्रतिनिधि और उद्योगपति हिस्सा ले रहे हैं। राज्य सरकार इसे पंजाब को ‘रंगला पंजाब’ बनाने की दिशा में एक अहम कदम मान रही है।
CM मान ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस आयोजन की जानकारी साझा करते हुए लिखा कि “आज ‘प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर्स समिट 2026’ का शानदार आगाज हो रहा है। गुरुओं-पीरों की पावन धरती पर देश-दुनिया से पहुंचे नामचीन उद्योगपतियों का हार्दिक स्वागत है।” उन्होंने कहा कि हमारी सरकार युवाओं के लिए स्किल डेवलपमेंट पर काम कर रही है।
पंजाब की अर्थव्यवस्था के लिए नया अवसर
CM मान ने कहा कि यह समिट सिर्फ एक औद्योगिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि पंजाब की अर्थव्यवस्था, निवेश और रोजगार के लिए एक नए दौर की शुरुआत है। उन्होंने बताया कि मार्च 2022 से अब तक पंजाब में लगभग ₹1.58 लाख करोड़ का निवेश हुआ है, जिससे 5.5 लाख से अधिक युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं।
निवेशकों की पहली पसंद बन रहा पंजाब
भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार उद्योगों को हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है और इसी वजह से पंजाब अब निवेशकों की पहली पसंद बनता जा रहा है। सरकार ने हाल ही में ‘औद्योगिक और व्यापार विकास नीति-2026’ भी लॉन्च की है, जिसका उद्देश्य राज्य में औद्योगिक विस्तार को बढ़ावा देना, बड़े निवेश को आकर्षित करना और रोजगार के अवसर बढ़ाना है।