मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच गुरुवार को देश के सर्राफा बाजार में सोने(Gold price) की कीमतों में लगातार चौथे दिन गिरावट दर्ज की गई। इस दौरान बेंगलुरु, मुंबई, दिल्ली और चेन्नई जैसे प्रमुख शहरों में 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट सोने के दाम कम हुए। वहीं दूसरी ओर चांदी की कीमतों में खास बदलाव नहीं देखा गया और वे लगभग स्थिर बनी रहीं।
दिलचस्प बात यह है कि घरेलू बाजार में सोने के दाम घटे हैं, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना मजबूत बना हुआ है। वैश्विक स्तर पर कीमतों को मिडिल ईस्ट में अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव से समर्थन मिल रहा है, लेकिन इसके बावजूद भारत में कीमतों में नरमी देखने को मिली है।
24 कैरेट सोने में बड़ी गिरावट
इस सप्ताह भारत में 24 कैरेट सोने के दाम में उल्लेखनीय कमी आई है। गुरुवार, 5 फरवरी को 24 कैरेट सोने का भाव 98 रुपये प्रति ग्राम घटकर 16,353 रुपये प्रति ग्राम हो गया। इसी तरह 10 ग्राम सोने की कीमत 980 रुपये गिरकर 1,63,530 रुपये और 100 ग्राम का रेट 9,800 रुपये घटकर 16,35,300 रुपये पर आ गया।
22 और 18 कैरेट सोने के दाम भी घटे
गुरुवार को 22 कैरेट सोने की कीमतों में भी कमी दर्ज की गई। इसमें प्रति ग्राम 90 रुपये, 10 ग्राम पर 900 रुपये और 100 ग्राम पर 9,000 रुपये की गिरावट आई।
वहीं 18 कैरेट सोने की कीमत 73 रुपये प्रति ग्राम घटकर 12,263 रुपये प्रति ग्राम रह गई। इसके अलावा 10 ग्राम के भाव में 730 रुपये और 100 ग्राम में 7,300 रुपये की कमी दर्ज की गई।
धीमी हुई चांदी की चाल
चांदी के दाम में फिलहाल कोई खास उतार-चढ़ाव नहीं देखा गया है। देश में चांदी की कीमत 285 रुपये प्रति ग्राम और 2,85,000 रुपये प्रति किलोग्राम बनी हुई है। मुंबई, दिल्ली, कोलकाता, बेंगलुरु, वडोदरा और अहमदाबाद में चांदी का भाव 10 ग्राम के लिए 2,850 रुपये, 100 ग्राम के लिए 28,500 रुपये और 1 किलो के लिए 2,85,000 रुपये है।
हालांकि चेन्नई में चांदी का भाव अन्य शहरों की तुलना में अधिक है। यहां 10 ग्राम चांदी की कीमत लगभग 2,950 रुपये है, जो बाकी शहरों से करीब 100 रुपये ज्यादा है।