उत्तर प्रदेश के शामली जिले में एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके ससुर और पति को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ससुर ने बहू के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की और विरोध करने पर उसका गला दबाकर हत्या कर दी। बाद में सबूत मिटाने के लिए पति ने भी अपने पिता का साथ दिया। मामला कोतवाली क्षेत्र के खुरगान गांव का है।
आत्महत्या बताने की कोशिश
घटना 11 फरवरी की रात की है। गांव निवासी अब्बास का बेटा सलमान छह महीने पहले काम के सिलसिले में पंजाब चला गया था। घर पर उसकी पत्नी मुशकरा, तीन महीने का बेटा अदनान और ससुर अब्बास रहते थे। पुलिस के मुताबिक, 11 फरवरी की रात अब्बास बहू के कमरे में पहुंचा और जबरदस्ती करने की कोशिश की। विरोध करने पर उसने मुशकरा का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई कि महिला ने आत्महत्या कर ली है।
पोस्टमॉर्टम से खुला राज
शुरुआत में दोनों आरोपी पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला दबाने के निशान मिलने के बाद शक गहरा गया। कड़ी पूछताछ में ससुर ने हत्या की बात कबूल कर ली। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने रात में झरोखे के जरिए दरवाजा खोलकर कमरे में प्रवेश किया था जांच में सामने आया कि आरोपी ने पहले बहू के पुराने परिचित से संपर्क भी किया था। हालांकि इस संबंध में पुलिस अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।