उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को गोरखपुर में करीब 995 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इस दौरान वह 813.52 करोड़ रुपये की चार परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, जबकि 181.77 करोड़ रुपये की लागत वाली 10 नई परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। कार्यक्रम को गोरखपुर की आधारभूत संरचना और शहरी विकास के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
सिक्सलेन फ्लाईओवर का होगा उद्घाटन
मुख्यमंत्री योगी सबसे पहले टीपी नगर-पैडलेगंज मार्ग पर बने पूर्वांचल के पहले सिक्सलेन फ्लाईओवर का लोकार्पण करेंगे। इस परियोजना पर करीब 429.49 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। फ्लाईओवर देवरिया बाईपास तिराहे को भी जोड़ता है, जिससे शहर और आसपास के जिलों के बीच यातायात अधिक सुगम होगा। इसके बाद मुख्यमंत्री ट्रांसपोर्ट नगर का दौरा करेंगे और फिर देवरिया बाईपास फोरलेन के पास बने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। सरकार का कहना है कि इस फ्लाईओवर से संतकबीरनगर, बस्ती, अयोध्या, लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, आजमगढ़, कुशीनगर, देवरिया, महाराजगंज, बिहार और नेपाल की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
इन परियोजनाओं का भी होगा लोकार्पण
मुख्यमंत्री योगी पैडलेगंज चौराहे से फिराक गोरखपुरी चौराहे तक सड़क के फोरलेन चौड़ीकरण परियोजना का भी उद्घाटन करेंगे, जिसकी लागत लगभग 277.78 करोड़ रुपये है। इसके अलावा एयरफोर्स स्टेशन परिसर में एमईएस ऑफिस कॉम्प्लेक्स के स्थानांतरण कार्य (103.51 करोड़ रुपये) तथा थाना गुलरिहा में 48 क्षमता वाले हॉस्टल, बैरक और विवेचना कक्ष के निर्माण का भी लोकार्पण किया जाएगा।
10 नई परियोजनाओं की रखी जाएगी आधारशिला
मुख्यमंत्री योगी इस अवसर पर कई नई विकास योजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। इनमें श्रमजीवी महिला छात्रावास, नंदानगर पुलिस चौकी से शमशेर गेट तक अंडरपास और सर्विस रोड, विश्वविद्यालय चौक के पास साइंस म्यूजियम तथा राजकीय महिला पॉलिटेक्निक में टाटा टेक्नोलॉजी लिमिटेड के सहयोग से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना जैसी प्रमुख परियोजनाएं शामिल हैं।
Read More
भारत को विकसित बनाने के लिए अच्छी शिक्षा जरूरी, पंजाब में शानदार शिक्षा दे रही “आप” सरकार- केजरीवाल

