बिहार के नालंदा जिले में भोजपुरी सिनेमा के चर्चित कलाकार खेसारी लाल यादव(Khesari Lal Yadav) के कार्यक्रम के दौरान अचानक हंगामा हो गया। देखते ही देखते कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। बड़ी संख्या में पहुंचे दर्शकों के बीच अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान नाराज लोगों ने कार्यक्रम स्थल पर रखी दर्जनों कुर्सियां तोड़ दीं। हालात बिगड़ते देख आयोजकों को कुछ समय के लिए कार्यक्रम रोकना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला नालंदा के इस्लामपुर थाना क्षेत्र के सेखली गांव का है। यहां एक तिलक समारोह का आयोजन किया गया था, जिसमें भोजपुरी गायक और अभिनेता खेसारी लाल यादव को प्रस्तुति देने के लिए बुलाया गया था। अपने पसंदीदा कलाकार को देखने और उनका गाना सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए। शुरुआत में सब कुछ सामान्य था लेकिन धीरे-धीरे भीड़ इतनी बढ़ गई कि वहां मौजूद व्यवस्थाएं कम पड़ने लगीं। लोगों की भारी भीड़ के कारण कार्यक्रम स्थल पर अव्यवस्था फैल गई।
नाराज दर्शकों ने तोड़ी कुर्सियां
बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में पहुंचने वाले लोगों की संख्या के मुकाबले बैठने और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। इसी वजह से भीड़ को संभालना मुश्किल हो गया और भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई।
अव्यवस्था से नाराज दर्शकों ने वहां रखी कई कुर्सियां तोड़ दीं। इसके बाद आयोजकों और सुरक्षाकर्मियों को स्थिति संभालने में काफी परेशानी हुई। माहौल शांत करने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कार्यक्रम को कुछ देर के लिए रोकना पड़ा।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की सूचना स्थानीय प्रशासन को भी दी गई। इस्लामपुर थानाध्यक्ष के अनुसार, कार्यक्रम आयोजित करने के लिए प्रशासन से अनुमति ली गई थी। हालांकि, अनुमान से कहीं अधिक भीड़ पहुंचने के कारण हालात बिगड़ गए।
पुलिस के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान हुई अव्यवस्था और कुर्सियां तोड़े जाने के मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल इस घटना के बाद आयोजनों में भीड़ के हिसाब से सुरक्षा और जरूरी इंतजाम करने की जरूरत एक बार फिर सामने आई है।