Munak Canal Chhath Ghat: दिल्ली में छठ पूजा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। राजधानी को छठ महापर्व के लिए करीब 11 किलोमीटर लंबा घाट मिला है, जो मुनक नहर के किनारे विकसित किया गया है। आज भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन इस छठ घाट का उद्घाटन करेंगे।
कार्यक्रम उत्तर दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में सिंघलपुर गांव के पास आयोजित होगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मुताबिक, घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है। यहां साफ पानी, रोशनी, शौचालय, चेंजिंग रूम और CCTV कैमरों सहित कई सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मुनक नहर में छोड़ा जाएगा साफ पानी
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को पूजा के लिए स्वच्छ पानी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारी हैदरपुर वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से मुनक नहर में पानी छोड़ेंगे। नहर में पानी का बहाव लगातार बनाए रखने की भी कोशिश की जाएगी, ताकि व्रती और श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के पूजा कर सकें।

11 किलोमीटर तक बनाई जा रही पक्की सीढ़ियां और सड़कें
इस छठ घाट की सबसे बड़ी खासियत इसकी लंबाई है। करीब 11 किलोमीटर तक फैले इस घाट के दोनों किनारों पर पक्की सीढ़ियां बनाई जा रही हैं। इसके साथ ही सीमेंट की सड़कें भी तैयार की जा रही हैं, जिससे श्रद्धालुओं को घाट तक पहुंचने और पूजा करने में आसानी होगी। सरकार का उद्देश्य इस पूरे क्षेत्र को व्यवस्थित और सुविधाजनक छठ घाट के रूप में विकसित करना है।
चेंजिंग रूम से लेकर CCTV कैमरों तक की व्यवस्था
छठ पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए घाट पर कई जरूरी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। यहां महिलाओं और पुरुषों के लिए कपड़े बदलने के चेंजिंग रूम, शौचालय और टेंट की व्यवस्था की जाएगी।
रात में पर्याप्त रोशनी के लिए लाइटें लगाई जा रही हैं, जबकि सुरक्षा के लिहाज से CCTV कैमरे भी स्थापित किए जा रहे हैं। इसके अलावा श्रद्धालुओं के बैठने के लिए बेंच लगाई जाएंगी। आसपास हरियाली बढ़ाने और पूरे इलाके को सुंदर बनाने का काम भी किया जा रहा है।
बदली इलाके की तस्वीर
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अनुसार, मुनक नहर के इस हिस्से में पहले बड़ी मात्रा में कचरा, मलबा और झाड़ियां जमा थीं। इसे साफ करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया, जिसके तहत करीब 1,400 ट्रक कचरा और मलबा हटाया गया।
नहर के दोनों किनारों से अतिक्रमण भी हटाया गया। इसके बाद इस क्षेत्र को छठ घाट के रूप में विकसित करने का काम शुरू किया गया। अब यहां पक्के रास्ते, सीढ़ियां और श्रद्धालुओं की जरूरतों के अनुसार अन्य सुविधाएं तैयार की जा रही हैं।
CM रेखा गुप्ता ने कई बार किया परियोजना का निरीक्षण
अधिकारियों के मुताबिक, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस परियोजना का कई बार मौके पर जाकर निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुनक नहर के इस हिस्से को बेहतर बनाने की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी। सरकार ने एक साल के भीतर इस क्षेत्र की तस्वीर बदलने का काम किया है।
इस घाट के तैयार होने से उत्तर दिल्ली के श्रद्धालुओं को छठ पूजा के लिए एक लंबा और व्यवस्थित स्थान मिलेगा। साथ ही साफ पानी, बेहतर पहुंच मार्ग और सुरक्षा व्यवस्था से व्रतियों को पूजा के दौरान सहूलियत मिलने की उम्मीद है।
Read More:


[…] […]