HomeBreaking Newsपठानकोट में तस्करों के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो अलग-अलग मामलों...

पठानकोट में तस्करों के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो अलग-अलग मामलों में 7 किलो से ज्यादा हेरोइन बरामद

पंजाब के पठानकोट में पुलिस(Pathankot Police) ने नशा तस्करी के एक अंतरजिला नेटवर्क का खुलासा करते हुए कुल 7.841 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। इस मामले में एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अमृतसर से हेरोइन लाकर पठानकोट और आसपास के इलाकों में सप्लाई करने की तैयारी में थे। समय रहते कार्रवाई कर पुलिस ने नशे की खेप जब्त कर ली।

SSP मनप्रीत सिंह के मुताबिक, 12 अक्टूबर को सदर पठानकोट पुलिस की टीम सरना के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक व्यक्ति अमृतसर से हेरोइन लाकर स्थानीय इलाकों में बेचता है। पुलिस ने बहलोलपुर रोड पर लाल बैग लेकर जा रहे संदिग्ध को रोककर तलाशी ली। उसकी पहचान गुरवंत सिंह निवासी गांव वडाला, जिला अमृतसर के रूप में हुई। बैग से 541 ग्राम हेरोइन बरामद होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

किराए के मकान से मिली 7.3 किलो हेरोइन

पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर गुरदासपुर जिले की गुरु लाल जी कॉलोनी, छितगढ़ चुंगी स्थित उसके किराए के मकान पर छापा मारा गया। यहां से 7.3 किलोग्राम अतिरिक्त हेरोइन बरामद हुई। कार्रवाई के दौरान उसकी कथित सहयोगी हरमनजीत कौर निवासी गांव पियानपुर कोटली, जिला गुरदासपुर को भी गिरफ्तार किया गया।

आरोपी के खिलाफ पहले भी दर्ज हैं मामले

पुलिस के अनुसार, गुरवंत सिंह के खिलाफ अमृतसर, पठानकोट और बटाला में पहले भी नशीले पदार्थों से जुड़े मामले दर्ज हैं। इनमें 2019 और 2023 के मामले शामिल हैं।

तस्करी नेटवर्क की जांच जारी

एसएसपी ने बताया कि पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हेरोइन कहां से लाई जाती थी और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। अधिकारियों के मुताबिक, नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने के लिए पूछताछ जारी है और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें : परविंदर झोटा हत्याकांड के विरोध में पंजाब बंद, SGPC ने किया समर्थन…

RELATED ARTICLES

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments