Ramayana Film: रणबीर कपूर और साई पल्लवी स्टारर फिल्म ‘रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड’ को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। निर्देशक नितीश तिवारी की इस फिल्म की 5 नवंबर को दुनियाभर में रिलीज के साथ ही राष्ट्रपति भवन में भी खास स्क्रीनिंग कराने की तैयारी की जा रही है। मिड डे की रिपोर्ट के मुताबिक, इस स्क्रीनिंग में राजनीतिक नेताओं और कई विशिष्ट मेहमानों को फिल्म दिखाने की योजना है।
अभी आधिकारिक मंजूरी का इंतजार
राष्ट्रपति भवन में होने वाली इस विशेष स्क्रीनिंग को लेकर फिलहाल अंतिम मंजूरी नहीं मिली है। रिपोर्ट के अनुसार, अगर आधिकारिक अनुमति मिल जाती है तो राजनीतिक नेताओं और विशिष्ट अतिथियों के लिए फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की जा सकती है। फिल्म के मेकर्स इसके लिए जरूरी अनुमतियां हासिल करने की कोशिश में जुटे हैं।
जटायु के किरदार में दिखेगी खास आवाज
फिल्म के प्रचार के बीच मेकर्स ने जटायु का नया पोस्टर भी जारी किया है। इस साहसी पक्षी के किरदार को अभिनेता अनुपम खेर अपनी आवाज देंगे। पोस्टर के साथ साझा संदेश में जटायु को धर्म की रक्षा के लिए लड़ने वाला वीर पक्षी बताया गया है। रामायण की कथा में जटायु उस समय रावण को रोकने की कोशिश करता है, जब वह माता सीता का हरण कर उन्हें ले जा रहा होता है।
रावण से भिड़ जाता है जटायु
कहानी के अनुसार, अपनी उम्र और सीमित क्षमताओं के बावजूद जटायु रावण से मुकाबला करता है और सीता की रक्षा के लिए उसके सामने खड़ा हो जाता है। इसी वजह से जटायु का किरदार साहस, कर्तव्य और धर्म की रक्षा के संघर्ष का प्रतीक माना जाता है। फिल्म में इस प्रसंग को किस तरह पेश किया जाएगा, इसे लेकर भी दर्शकों में उत्सुकता है।
यश फिल्म में रावण का किरदार निभा रहे
‘रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड’ में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आएंगी। यश फिल्म में रावण का किरदार निभा रहे हैं। वहीं, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में दिखाई देंगे।
3डी और आईमैक्स में दिखेगी फिल्म
मेकर्स ने फिल्म के टाइटल और इसके भव्य एक्शन दृश्यों की झलक दिखाने वाला नया प्रमोशनल वीडियो भी जारी किया है। फिल्म को बड़े स्तर पर तैयार किया गया है और इसे 3डी, आईमैक्स तथा अन्य प्रीमियम बड़े पर्दों पर रिलीज करने की योजना है। यही वजह है कि फिल्म को लेकर दर्शकों के साथ फिल्म इंडस्ट्री में भी काफी उत्साह है।
दो हिस्सों में बनेगी ‘रामायण’
‘रामायण’ को दो भागों में बनाया जा रहा है। फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 के दौरान सिनेमाघरों में पहुंचने की योजना है। फिल्म को बड़े पैमाने पर दर्शकों तक पहुंचाने की तैयारी की जा रही है।
छह भाषाओं में होगी रिलीज
फिल्म हिंदी, अंग्रेजी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज होगी। भारतीय पौराणिक कथा पर आधारित इस बड़े प्रोजेक्ट में रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश, सनी देओल, रवि दुबे और अनुपम खेर जैसे कलाकारों की मौजूदगी ने इसकी चर्चा और बढ़ा दी है।
Read More:
नोएडा की पॉश सोसायटी के दो फ्लैटों में चोरी, डेढ़ करोड़ के गहने और नकदी ले उड़े चोर

