मध्य प्रदेश के संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय को लेकर चल रहा विवाद अब एक नए आरोप के कारण चर्चा में है। अस्पताल की व्यवस्थाओं के खिलाफ चल रहे आंदोलन में शामिल कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा ने मर्चुरी को लेकर बेहद गंभीर दावा किया है। उनका आरोप है कि पोस्टमार्टम के लिए रखे गए सुंदर महिलाओं के शवों के साथ अंदर गलत कृत्य किए जाते हैं। विधायक के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, उनके आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
मर्चुरी को लेकर क्या बोले अभय मिश्रा?
आंदोलन के दौरान अभय मिश्रा ने आरोप लगाया कि जब किसी महिला की मौत के बाद उसका शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मर्चुरी में रखा जाता है, तब परिजन बाहर इंतजार करते रहते हैं। विधायक का दावा है कि इसी दौरान मर्चुरी के अंदर शवों के साथ आपत्तिजनक और गलत गतिविधियां की जाती हैं। उनके इस बयान के बाद अस्पताल के काम करने की क्षमता को लेकर पहले से चल रही चर्चा और तेज हो गई है। हालांकि, फिलहाल यह आरोप विधायक के बयान तक ही सीमित हैं। अस्पताल प्रबंधन या प्रशासन की ओर से इस दावे की पुष्टि नहीं की गई है और न ही इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है।
विवाद में अस्पताल
संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय में हाल ही में प्रसव के दौरान जच्चा और बच्चे की मौत का मामला सामने आया था। मृतक के परिवार ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गए और मामला लगातार तूल पकड़ता गया। विवाद के बाद कार्रवाई करते हुए दो डॉक्टरों और दो नर्सिंग स्टाफ को निलंबित किया गया। इसके अलावा अस्पताल के डीन और अधीक्षक को भी उनके पदों से हटा दिया गया। मामले की वास्तविक स्थिति और जिम्मेदारी तय करने के लिए मजिस्ट्रियल जांच अभी जारी है।
Read More
UPSC करने वाले छात्रों के लिए संजू सैमसन का बड़ा तोहफा, 1000 अभ्यर्थियों को मिलेगी स्कॉलरशिप

