असम की राजधानी गुवाहाटी के बेलटोला इलाके में एक खौफनाक हत्याकांड सामने आया है, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है. यहां एक किराए के घर से एक महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया है. सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि मृतका का कटा हुआ सिर प्लास्टिक की थैलियों में लपेटकर फ्रिज के अंदर रखा गया था. इस जघन्य घटना ने पूरे देश में चर्चित श्रद्धा वालकर मर्डर केस की भयावह यादों को एक बार फिर ताजा कर दिया है.
बदबू आने पर पड़ोसियों ने दी पुलिस को सूचना
पुलिस के अनुसार, रविवार रात पड़ोसियों ने बंद मकान से आ रही तेज दुर्गंध की शिकायत दर्ज कराई थी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो घर का नजारा देखकर हैरान रह गई. कमरे में फर्श पर महिला का बिना सिर वाला धड़ पड़ा हुआ था. पुलिस ने जब फ्रिज खोला तो उसके अंदर पॉलिथीन में लिपटा हुआ सिर मिला. प्राथमिक जांच के आधार पर पुलिस का अनुमान है कि यह हत्या 24 से 48 घंटे पहले अंजाम दी गई थी.
पति ही निकला मुख्य संदिग्ध, पुलिस के सामने किया सरेंडर
मृतक महिला की पहचान रिया तालुकदार के रूप में हुई है, जो स्थानीय बुटीक में काम करती थी. उसका पति एक पेशेवर कैब चालक है. पुलिस इस जघन्य हत्याकांड में महिला के पति को ही मुख्य संदिग्ध मान रही है. वारदात के बाद आरोपी पति ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है. पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और हत्या के पीछे की मुख्य वजहों का पता लगाने के लिए मामले की गहन जांच शुरू कर दी है.
READ MORE: JNU प्रोफेसर का घिनौना चेहरा, नंबरों का लालच देकर मांग रहा था “सेक्सुअल फेवर”

