HomeBreaking Newsजम्मू-कश्मीर में बारिश का कहर! बादल फटने और फ्लैश फ्लड से कई...

जम्मू-कश्मीर में बारिश का कहर! बादल फटने और फ्लैश फ्लड से कई जिले तबाह, मकान ढहे, गांव जलमग्न

Jammu Kashmir Flood: जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश ने हालात बेहद गंभीर बना दिए हैं। कई जिलों में बादल फटने और फ्लैश फ्लड की घटनाओं के बाद बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। नदियों और नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ने से कई गांव जलमग्न हो गए हैं, जबकि मकानों, फसलों और बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है। मौसम विभाग ने उत्तर भारत के कई हिस्सों में अगले सात दिनों तक भारी से बेहद भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

शोपियां में बादल फटने से बाढ़ जैसे हालात

शोपियां जिले में बादल फटने के बाद रिहायशी इलाकों में पानी भर गया, जिससे लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया। प्रशासन और राहत एजेंसियां प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटी हैं। वहीं कुपवाड़ा और शोपियां में अचानक आई बाढ़ से कई गांव पानी में डूब गए, जबकि फसलों और लोगों की संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचा है।

बांदीपोरा और कुपवाड़ा में भी बढ़ी मुश्किलें

लगातार बारिश के बीच बांदीपोरा जिले में भी बादल फटने की घटना सामने आई, जिससे बाढ़ जैसे हालात बन गए। इससे पहले कुपवाड़ा में सोमवार को बादल फटने के बाद आई अचानक बाढ़ में एक महिला की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, तेज जलप्रवाह की चपेट में आने से यह हादसा हुआ। इसके बाद बांदीपोरा में भी बादल फटने से हालात और बिगड़ गए।

पुंछ में फ्लैश फ्लड

पुंछ जिले में बेतार नदी में अचानक आई बाढ़ के कारण चार लोग बीच धारा में फंस गए। सूचना मिलने पर जम्मू-कश्मीर पुलिस, SDRF और स्थानीय लोगों ने संयुक्त अभियान चलाकर देर रात सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत अभियान के दौरान बाढ़ में फंसे 15 मवेशियों को भी बचाया गया। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में चले इस ऑपरेशन के बाद प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के आसपास जाने से बचने और सतर्क रहने की अपील की है।

राजौरी में उफान पर नदियां

लगातार बारिश के चलते राजौरी में नदियां उफान पर हैं। निचले इलाकों में पानी घुसने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर पेड़ सड़क पर गिर गए हैं और बिजली के खंभों को भी नुकसान पहुंचा है। राजौरी और पुंछ में कई मकान ढहने की भी खबर है, जिससे जान-माल का भारी नुकसान हुआ है।

डोडा, किश्तवाड़ और कठुआ में भी संकट

डोडा, किश्तवाड़ और कठुआ जैसे पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश, भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित हो गया है। कई क्षेत्रों में लोगों को आवाजाही और अन्य जरूरी सेवाओं में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित इलाकों में राहत कार्य जारी हैं।

Read More:

WhatsApp यूजर्स अलर्ट! बिना चेतावनी 24 घंटे के लिए लॉक हुए हजारों अकाउंट, यूजर्स परेशान, मेटा ने बताई वजह

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments