रूस की राजधानी मॉस्को(Moscow) में शनिवार शाम एक रेस्टोरेंट के बाहर हुए जोरदार विस्फोट में तीन लोगों की जान चली गई जबकि 21 अन्य घायल हो गए। घटना उस समय हुई जब रेस्टोरेंट में एक निजी कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था। शुरुआती जानकारी में विस्फोट की वजह गैस सिलेंडर बताया गया था लेकिन बाद में रूसी अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) का विस्फोट था।
रूसी अधिकारियों के मुताबिक, एक महिला कुद्रिन्स्काया स्क्वायर स्थित रेस्टोरेंट में प्रवेश करने की कोशिश कर रही थी। सुरक्षा गार्ड को उसके पास मौजूद पैकेज पर संदेह हुआ और उसने महिला को रोककर जांच शुरू की। इसी दौरान विस्फोट हो गया। इस हादसे में महिला, सुरक्षा गार्ड और एक ग्राहक की मौत हो गई। घटना में घायल हुए 21 लोगों का इलाज जारी है।
हमले का उद्देश्य नहीं आया सामने
अधिकारियों ने अभी तक महिला की पहचान सार्वजनिक नहीं की है और न ही उसके इरादों के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी दी है। यह भी साफ नहीं है कि विस्फोट उसने खुद किया या डिवाइस किसी अन्य तरीके से सक्रिय हुआ। जांच एजेंसियां इस पूरे मामले की अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही हैं।
प्राइवेट कार्यक्रम को माना जा रहा निशाना
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, रेस्टोरेंट की बाहरी छत पर एक निजी कार्यक्रम चल रहा था और माना जा रहा है कि वही इस हमले का संभावित लक्ष्य था। कार्यक्रम में पहले से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था मौजूद थी। अधिकारियों का मानना है कि यदि सुरक्षा इंतजाम इतने मजबूत नहीं होते तो इस घटना में जान-माल का नुकसान कहीं अधिक हो सकता था।
रिमोट से विस्फोट की आशंका
जांच में सामने आया है कि महिला एक बॉक्स लेकर पहुंची थी जिसे उसने गिफ्ट बताया था। सुरक्षा जांच के दौरान ही उसमें रखा विस्फोटक फट गया। जांचकर्ताओं को संदेह है कि विस्फोटक को दूर से सक्रिय किया गया हो सकता है। शुरुआती जांच यह भी संकेत देती है कि संभव है महिला को पैकेज के अंदर मौजूद विस्फोटक सामग्री की पूरी जानकारी न रही हो। मामले की विस्तृत जांच जारी है।