गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन स्थित एक निर्माणाधीन मॉल में मजदूरी करने वाले दंपति की सात वर्षीय बेटी शुक्रवार शाम अचानक लापता हो गई। परिजनों के अनुसार, बच्ची शाम करीब 7:30 बजे मॉल परिसर के आसपास खेल रही थी। इसके बाद वह अचानक लापता हो गई। माता-पिता द्वारा बहुत खोजने के बाद न मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई, फिर देर रात डायल-112 पर सूचना मिली कि मॉल के बेसमेंट-2 में एक बच्ची का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की गई।
परिवार ने हत्या का लगाया आरोप
बच्ची के परिजनों का आरोप है कि उसे चिप्स और कोल्ड ड्रिंक का लालच देकर निर्माणाधीन मॉल के भीतर ले जाया गया। उनका दावा है कि बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी गई। परिवार का यह भी कहना है कि शव मिलने के समय बच्ची के सिर पर चोट के निशान थे और वह खून से लथपथ थी। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
दो संदिग्धों की हुई पहचान
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) और डॉग स्क्वॉड की मदद से साक्ष्य जुटाए। इसके साथ ही निर्माणाधीन मॉल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच की गई। पुलिस के अनुसार, तकनीकी साक्ष्यों और फुटेज के आधार पर एक वयस्क आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक किशोर को भी हिरासत में लिया गया है। दोनों के खिलाफ हत्या, दुष्कर्म और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
आज दिनांक 11.07.2026 को थाना नन्दग्राम पर रात्रि 01:00 बजे के आसपास जो 07 वर्षीय बच्ची के शव की बरामदगी की सूचना थी उस पर तुरन्त संज्ञान लेते हुये थाना नन्दग्राम की पुलिस टीम द्वारा शव को कब्जे मे लेकर पंचायतनामा की कार्यवाही पूर्ण कराई गई व एक पैनल के द्वारा शव के पोस्टमार्टम की… pic.twitter.com/93w2ceIcd3
— POLICE COMMISSIONERATE GHAZIABAD (@ghaziabadpolice) July 11, 2026
पुलिस ने दी जानकारी
नंदग्राम की कार्यवाहक SP प्रियाश्री पाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे सबूत जुटाए गए। उन्होंने कहा कि परिवार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारण और अन्य तथ्यों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी। घटना के बाद निर्माणाधीन परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल उठ रहे हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
Read More
दिल्ली में 37.5 लाख रुपये के फर्जी लूटकांड का पर्दाफाश, कंपनी के कर्मचारियों ने ही रची थी साजिश

