Muzaffarpur : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक दर्दनाक हादसा हो गया। कांटी थाना क्षेत्र स्थित एनटीपीसी डैम में नहाने के दौरान तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और घटनास्थल पर चीख-पुकार गूंज उठी। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग बच्चों को बचाने के लिए मौके पर पहुंचे और उन्हें पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। मृतक तीनों बच्चों की पहचान कर ली गई है और वे सभी कांटी थाना क्षेत्र के रहने वाले थे।
नहाते समय गहरे पानी में डूबे बच्चे
स्थानीय लोगों के मुताबिक शुक्रवार दिन में सभी बच्चे डैम के किनारे खेल रहे थे। इसी दौरान वे नहाने के लिए पानी में उतरे। नहाते समय अचानक उनका पैर फिसल गया, जिसके बाद तीनों गहरे पानी में चले गए। तैरना नहीं आने की वजह से वे पानी से बाहर नहीं निकल सके और डूब गए।
गोताखोरों और ग्रामीणों ने चलाया रेस्क्यू
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों ने डैम में उतरकर बच्चों की तलाश शुरू कर दी। काफी मशक्कत के बाद तीनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
तीन परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। एक साथ तीन बच्चों की मौत से तीन परिवारों में मातम पसर गया है। अस्पताल परिसर से लेकर गांव तक परिजनों की चीख-पुकार और रोते-बिलखते परिजनों का दर्द हर किसी को झकझोर रहा है। इस घटना से पूरे इलाके में गहरा दुख और सन्नाटा छा गया है। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
Read More:

