उत्तर प्रदेश के हापुड़(Hapur) जिले के एक प्राइवेट कॉलेज में अर्थशास्त्र के प्रोफेसर पर एक नाबालिग छात्रा ने गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रा की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए आरोपी प्रोफेसर डॉ. विजय कुमार मित्तल को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है मिली जानकारियों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, छात्रा का आरोप है कि प्रोफेसर उसे बार-बार अपने पास बुलाते थे और बातचीत करने का दबाव बनाते थे। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने छात्रा से व्हाट्सऐप कॉल के जरिए संपर्क करने की बात कही और इसे ज्यादा सेफ बताया। छात्रा का दावा है कि इस दौरान उससे कई बार आपत्तिजनक और असहज करने वाली बातें के साथ नजदीकियां बढ़ाने की भी कोशिश की गई थी।
छात्रा ने लगाया आरोप
छात्रा ने यह भी आरोप लगाया है कि जब उसने इसका विरोध किया तो उसे पढ़ाई और भविष्य को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई थी। इसके साथ ही शिकायत में यह भी जिक्र किया गया है कि आरोपी का व्यवहार बाकि छात्राओं के साथ भी ठीक नहीं था, हालांकि इस संबंध में पुलिस जांच जारी है।
BNS की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के साथ-साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 7 और 8 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसके साथ ही पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है।