देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल पद्म पुरस्कार समारोह में मंगलवार को खेल जगत की कई नामचीन हस्तियों को सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा को पद्म श्री से सम्मानित किया। भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान और अनुभवी गोलकीपर सविता पूनिया को भी पद्म श्री से नवाजा गया, जबकि दिग्गज टेनिस खिलाड़ी विजय अमृतराज को पद्म भूषण सम्मान मिला।
रोहित शर्मा के नाम दो ICC ट्रॉफियां
रोहित शर्मा ने पिछले वर्ष टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहा था, लेकिन सीमित ओवरों के प्रारूप में उनका योगदान लगातार जारी रहा। उनकी कप्तानी में भारत ने टी-20 विश्व कप 2024 और चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का खिताब अपने नाम किया। बल्लेबाजी में भी उन्होंने लगातार प्रभाव छोड़ा और वनडे क्रिकेट में महत्वपूर्ण रन बनाए। भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें देश के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म श्री से सम्मानित किया गया।
भारतीय हॉकी की दीवार रहीं सविता पूनिया
भारतीय महिला हॉकी टीम की लंबे समय तक अगुवाई करने वाली सविता पूनिया को भी पद्म श्री पुरस्कार दिया गया। गोलपोस्ट के सामने उनकी फुर्ती और नेतृत्व ने भारतीय महिला हॉकी को कई यादगार सफलताएं दिलाईं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनके प्रदर्शन ने भारत को नई पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
विजय अमृतराज को मिला पद्म भूषण
पूर्व टेनिस स्टार विजय अमृतराज इस वर्ष पद्म भूषण पाने वाले एकमात्र खिलाड़ी रहे। भारतीय टेनिस को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने वाले अमृतराज इससे पहले अर्जुन पुरस्कार और पद्म श्री से भी सम्मानित हो चुके हैं। खेल के साथ-साथ सामाजिक और मानवीय कार्यों में उनके योगदान को भी काफी सराहा जाता है।
Read More
बिहार में नकली गहने बने शादी के बीच अड़चन, सात फेरों से टूटी शादी, रात-भर चला हाईवोल्टेज ड्रामा

