HomeBreaking Newsपाकिस्तान समर्थित आतंकी नेटवर्क पर NIA का बड़ा एक्शन, देशभर में ताबड़तोड़...

पाकिस्तान समर्थित आतंकी नेटवर्क पर NIA का बड़ा एक्शन, देशभर में ताबड़तोड़ छापेमारी, 12 जगहों पर चल रहा तलाशी अभियान

NIA Raid: NIA ने पाकिस्तान समर्थित आतंकी नेटवर्क के खिलाफ गुरुवार को देशभर में बड़ी कार्रवाई करते हुए चार राज्यों के 12 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। एजेंसी की यह कार्रवाई पाकिस्तान से जुड़े ऑपरेटिव जसवीर चौधरी और उसके भारतीय सहयोगियों के नेटवर्क को निशाना बनाकर की गई। जांच एजेंसियों के मुताबिक यह मॉड्यूल ड्रोन के जरिए भारत में हथियार, गोला-बारूद और इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) पहुंचाने की साजिश में शामिल था।

UP से महाराष्ट्र तक चला तलाशी अभियान

NIA ने उत्तर प्रदेश में पांच, राजस्थान और बिहार में दो-दो तथा महाराष्ट्र में तीन स्थानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान केंद्रीय एजेंसियों और स्थानीय पुलिस की टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। कई संदिग्धों से पूछताछ की गई, जबकि बड़ी मात्रा में दस्तावेज, मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य डिजिटल उपकरण जब्त किए गए हैं। एजेंसी अब इन इलेक्ट्रॉनिक सबूतों की फोरेंसिक जांच कर रही है।

ड्रोन के जरिए हथियार भेजने की साजिश

जांच में सामने आया है कि पाकिस्तान स्थित नेटवर्क भारत-पाकिस्तान सीमा के रास्ते ड्रोन के जरिए हथियार और विस्फोटक सामग्री भेजने की कोशिश कर रहा था। सूत्रों के अनुसार, इन हथियारों और IED का इस्तेमाल पंजाब, दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों में बड़े आतंकी हमलों के लिए किया जाना था। एजेंसियों का मानना है कि अगर यह साजिश सफल हो जाती तो भारी जान-माल का नुकसान हो सकता था।

कई महीनों से चल रही थी निगरानी

सूत्रों के मुताबिक, गृह मंत्रालय के निर्देश के बाद NIA ने इस पूरे मामले की जांच अपने हाथ में ली थी। इसके बाद एजेंसी ने आतंकी नेटवर्क, ड्रोन सप्लाई चेन और IED मॉड्यूल से जुड़े संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखना शुरू किया। कई महीनों तक जुटाए गए तकनीकी और खुफिया इनपुट के आधार पर यह बड़ी कार्रवाई की गई है।

डिजिटल सबूतों से मिल सकते हैं बड़े सुराग

अधिकारियों के अनुसार, छापेमारी के दौरान बरामद मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और दस्तावेजों से कई अहम जानकारियां मिलने की उम्मीद है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क के तार देश के किन-किन हिस्सों तक फैले हुए हैं और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं। फिलहाल मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एजेंसी ने ज्यादा जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।

देश विरोधी गतिविधियों पर जारी रहेगा एक्शन

NIA अधिकारियों ने साफ किया है कि देश विरोधी गतिविधियों में शामिल किसी भी आतंकी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। एजेंसी का फोकस अब इस पूरे मॉड्यूल के फंडिंग नेटवर्क, स्थानीय संपर्कों और सीमा पार से मिलने वाले समर्थन की जांच पर है।

Read More:

भारत में सबसे… नेतन्याहू ने जमकर की हिंदुस्तान की तारीफ, फिर पाकिस्तान की खोल दी सारी पोल-पट्टी, मुंह दिखाने लायक नहीं रहे शहबाज!

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments