देशभर में सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे लाखों युवाओं के लिए शनिवार का दिन खास रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 19वें रोजगार मेले के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 51 हजार से अधिक चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। ये नियुक्तियां रेलवे, बैंकिंग, रक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा समेत कई सरकारी विभागों और संगठनों में दी गई हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का दिन हजारों युवाओं के जीवन में नई शुरुआत का प्रतीक है। साथ ही, अब वे देश की विकास यात्रा के जिम्मेदार भागीदार बनने जा रहे हैं।
‘दुनिया भारत के युवाओं और तकनीक से प्रभावित’
PM मोदी ने कहा कि वह हाल ही में पांच देशों की यात्रा से लौटे हैं और इस दौरान दुनिया की कई बड़ी कंपनियों के प्रमुखों से उनकी मुलाकात हुई। उन्होंने कहा कि हर जगह भारत के युवाओं और देश की तकनीकी प्रगति को लेकर उत्साह देखने को मिला। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत की विकास यात्रा का हिस्सा बनना चाहती है और भारतीय युवाओं की प्रतिभा को वैश्विक स्तर पर पहचान मिल रही है।
स्किल और स्टार्टअप पर भी जोर
PM मोदी ने कहा कि सरकार केवल सरकारी नौकरियों तक सीमित नहीं है, बल्कि स्किल डेवलपमेंट, स्टार्टअप और डिजिटल सेक्टर में भी युवाओं के लिए बड़े अवसर तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया अभियान के कारण भारत एनिमेशन, डिजिटल मीडिया और नई तकनीक आधारित उद्योगों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। सरकार के मुताबिक देश में करीब दो लाख रजिस्टर्ड स्टार्टअप हैं, जो 21 लाख से ज्यादा युवाओं को रोजगार दे रहे हैं।
इंजीनियरों की मांग तेजी से बढ़ेगी – PM मोदी
PM मोदी ने कहा कि आने वाले समय में इंजीनियरों, तकनीशियनों और स्किल्ड वर्कर्स की मांग तेजी से बढ़ने वाली है। सरकार इंफ्रास्ट्रक्चर और टेक्नोलॉजी सेक्टर में बड़े निवेश कर रही है, जिससे लाखों नए रोजगार तैयार होंगे।
2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य
PM मोदी ने कहा कि देश 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है। इसके लिए अलग-अलग क्षेत्रों में बड़े स्तर पर निवेश किया जा रहा है, ताकि युवाओं को रोजगार और बेहतर अवसर मिल सकें। उन्होंने कहा कि गांवों में संपर्क सुविधाएं बढ़ने से किसानों, छात्रों और छोटे कारोबारियों को भी नई संभावनाएं मिल रही हैं।
Read More
जम्मू-कश्मीर में नशा मुक्ति अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई, ड्रग तस्कर के घर पर चला बुलडोजर

