गंगा एक्सप्रेसवे(Ganga Expressway) पर एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां मंगलवार सुबह एक डबल डेकर बस खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में करीब 30 से 35 यात्री घायल हो गए। बस लुधियाना से हरदोई की ओर जा रही थी तभी अचानक यह दुर्घटना हो गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत संभल जिले के बहजोई स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद जिनकी हालत गंभीर थी उन्हें बदायूं जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कई यात्री घायल
जानकारी के मुताबिक, टक्कर इतनी तेज थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कई यात्री घायल हो गए। कुछ लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है जिनका इलाज डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है।
पिछले कुछ दिनों में लगातार सड़क हादसे
गौरतलब है कि गंगा एक्सप्रेसवे पर पिछले कुछ दिनों में लगातार सड़क हादसे सामने आ रहे हैं। हाल ही में बदायूं के पास एक कार के सामने अचानक सांड आ जाने से दो महिलाएं घायल हो गई थीं। वहीं, एक अन्य घटना में कार का टायर फटने से बड़ा हादसा टल गया था।
इस ताजा दुर्घटना को लेकर शुरुआती आशंका जताई जा रही है कि बस चालक नशे में था। हालांकि, पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद प्रशासन अलर्ट मोड में है और पूरे मामले की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।