नई दिल्ली का सेंट्रल पार्क(Delhi Central Park) इन दिनों फूलों की रंग-बिरंगी छटा और खुशबुओं से महक रहा है। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) की ओर से आयोजित चार दिवसीय पुष्प महोत्सव की शुरुआत दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने की। इस आयोजन में करीब 15,500 गमलों में लगाए गए 48 तरह के फूलों ने कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क को एक खूबसूरत फ्लोरल गैलरी में बदल दिया है, जहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर प्रकृति की इस रंगीन झलक का आनंद ले रहे हैं।
महोत्सव के उद्घाटन कार्यक्रम में एनडीएमसी के अध्यक्ष केशव चंद्रा, उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल, परिषद सदस्य अनिल वाल्मीकि और सचिव राहुल सिंह भी मौजूद रहे। उद्घाटन के बाद पार्क में मौजूद लोगों ने अलग-अलग रंगों और किस्मों के फूलों के बीच घूमते हुए इस खास आयोजन का आनंद लिया।
ट्यूलिप देखने के लिए अब कश्मीर जाने की जरूरत नहीं
CM रेखा गुप्ता ने कहा कि पहले ट्यूलिप फूलों को देखने के लिए दिल्ली के लोगों को कश्मीर जाना पड़ता था, लेकिन अब एनडीएमसी हर साल राजधानी में ही ट्यूलिप की खूबसूरती लोगों तक पहुंचा रही है। उन्होंने बताया कि यह आयोजन अब केवल फूलों की प्रदर्शनी नहीं रह गया है, बल्कि यह एक तरह का ‘सेल्फी फेस्टिवल’ बन चुका है, जहां लोग रंग-बिरंगे फूलों के साथ तस्वीरें लेकर इस अनुभव को यादगार बना रहे हैं।
फाल्गुन में रंगों से महका सेंट्रल पार्क
मुख्यमंत्री ने कहा कि फाल्गुन का महीना अपने साथ रंग, उमंग और नई ऊर्जा लेकर आता है। ऐसे समय में NDMC ने सेंट्रल पार्क को चुनिंदा फूलों से सजाकर ऐसा माहौल तैयार किया है, जो लोगों को ताजगी और खुशी का एहसास कराता है। उन्होंने बागवानी विभाग के कर्मचारियों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि उनकी लगन की वजह से पूरा इलाका फूलों की बहार से खिल उठा है।
रेखा गुप्ता ने यह भी कहा कि दिल्ली देश की राजधानी है और इसकी खूबसूरती को बनाए रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने अन्य विभागों से भी NDMC की इस पहल से प्रेरणा लेने की बात कही। उनका कहना था कि अगर एक स्थान को फूलों और हरियाली से इतना सुंदर बनाया जा सकता है, तो प्रयास करने पर शहर के अन्य हिस्सों को भी इसी तरह हरा-भरा और आकर्षक बनाया जा सकता है।
यह भी पढ़ें : असम में चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका, तीन निलंबित विधायक भाजपा में शामिल…