अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार से संचालित हथियार और नशीले पदार्थ तस्करी के एक नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने छह अत्याधुनिक पिस्तौल, एक किलो हेरोइन, एक किलो अफीम और 10 हजार रुपये की ड्रग मनी बरामद की है। पुलिस इस कार्रवाई को अंतरराष्ट्रीय सीमा के जरिए संचालित तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मान रही है।
विदेश में बैठे हैंडलर से जुड़े थे आरोपी
शुरूआती जांच में पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों आरोपी विदेश में मौजूद हैंडलर के संपर्क में थे। आरोप है कि यही हैंडलर अंतरराष्ट्रीय सीमा के रास्ते अवैध हथियार और नशीले पदार्थ भारत भेजता था। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की भूमिका खेप मिलने के बाद उसे पंजाब में सक्रिय अपराधियों और अन्य तस्करों तक पहुंचाने की थी। अब जांच एजेंसियां इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी हैं।
बरामद हथियारों के इस्तेमाल की जांच
पुलिस के मुताबिक, बरामद पिस्तौल अत्याधुनिक हैं और उनका इस्तेमाल आपराधिक घटनाओं में किया जा सकता था। अधिकारियों का मानना है कि समय रहते इस मॉड्यूल का खुलासा होने से संभावित आपराधिक वारदातों को टाला जा सका। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर यह भी पता लगाया जा रहा है कि तस्करी का यह नेटवर्क किन राज्यों या क्षेत्रों तक फैला हुआ है और इसमें कितने लोग शामिल हैं।
आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
मामले में अमृतसर के छेहरटा और कैंट थाने में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क की आगे और पीछे की कड़ियों को जोड़ने की कोशिश कर रही है। साथ ही विदेश में बैठे कथित संचालक और उसके अन्य सहयोगियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
Read More
Delhi के RML अस्पताल का नया सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक शुरू होने को तैयार, अब मरीजों को मिलेगा हाईटेक इलाज