Wednesday, February 11, 2026
HomeCurrent Newsसैमसंग प्लांट के कर्मचारी हड़ताल पर, काम किया बंद, सप्लाई पर पड़ेगा...

सैमसंग प्लांट के कर्मचारी हड़ताल पर, काम किया बंद, सप्लाई पर पड़ेगा बुरा असर

सैमसंग इंडिया के प्लांट में हड़ताल शुरू हो गई है। इसके चलते कंपनी का उत्पादन ठप हो गया है। यह हड़ताल तमिलनाडु में चेन्नई के पास स्थित श्रीपेरंबदूर प्लांट में हुई है। प्लांट के बाहर टेंट लगाकर सैकड़ों कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया है। सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स के ये कर्मचारी अपनी सैलरी बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। इस हड़ताल से कंपनी का उत्पादन प्रभावित हो रहा है। मंगलवार को यह हड़ताल दूसरे दिन में प्रवेश कर गई। अगर इसे जल्द हल नहीं किया गया तो कंपनी को आपूर्ति संकट का सामना करना पड़ सकता है।

भारत में सैमसंग के दो प्लांट हैं

दक्षिण कोरिया की दिग्गज इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी सैमसंग के भारत में दो प्लांट हैं। भारत उनके लिए एक बड़ा बाजार है। सूत्रों के हवाले से बिजनेस स्टैंडर्ड ने दावा किया है कि सैमसंग के भारत के कारोबार का करीब 30 फीसदी रेवेन्यू दक्षिण भारत के इसी प्लांट से आता है। भारत में उनके कारोबार के लिए यह एक बड़ा प्लांट है। भारत में सैमसंग का सालाना रेवेन्यू करीब 12 अरब डॉलर है। सैमसंग ने इस प्लांट में करीब 1800 लोगों को रोजगार दिया हुआ है। यहां वह फ्रिज, वॉशिंग मशीन और टीवी बनाती है।

सोमवार को शुरू हुई हड़ताल

यूनियन नेता ई मुथुकुमार ने बताया कि हड़ताल सोमवार को शुरू हुई थी। यह मंगलवार को भी जारी है। हम बेहतर वेतन, काम के घंटे और यूनियन की मान्यता चाहते हैं। उन्होंने दावा किया है कि इस हड़ताल से लगभग आधा उत्पादन प्रभावित हुआ है। सैमसंग इंडिया फिलहाल इस हड़ताल पर चुप है। कंपनी के प्रवक्ता ने कहा कि हम कर्मचारियों के लगातार संपर्क में हैं। कंपनी सभी नियमों और कानूनों का पालन करती है। साथ ही कर्मचारियों की सभी समस्याओं का समाधान निकालने के लिए तैयार है।

दक्षिण कोरिया में भी हुई थी हड़ताल

हाल ही में जुलाई और अगस्त में सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स की दक्षिण कोरिया यूनियन ने भी कई दिनों तक हड़ताल की थी। अब वे अपनी अगली योजना के बारे में नए सिरे से सोच रहे हैं। कर्मचारी यूनियन और प्रबंधन के बीच अभी तक कोई समझौता नहीं हुआ है। कर्मचारियों ने श्रीपेरंबदूर प्लांट के बाहर अनिश्चितकालीन हड़ताल के पोस्टर लगा दिए हैं। कंपनी का दूसरा बड़ा प्लांट उत्तर प्रदेश के नोएडा में स्थित है। यहां स्मार्टफोन का निर्माण होता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments