HomeBreaking Newsबांग्लादेश के पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के कार्यकर्ताओं का NCP के साथ...

बांग्लादेश के पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के कार्यकर्ताओं का NCP के साथ हिंसक टकराव, 5 लोग हुए घायल

बांग्लादेश की राजनीतिक लड़ाई अब ब्रिटेन की सड़कों पर भी दिखाई देने लगी है। पूर्वी लंदन में सोमवार रात नेशनल सिटिजन पार्टी (NCP) के संयोजक नाहिद इस्लाम के समर्थकों और पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक टकराव हो गया। घटना नाहिद इस्लाम के सम्मान में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह के खत्म होने के तुरंत बाद हुई। इस दौरान दोनों गुटों के कार्यकर्ता एक-दूसरे के पीछे दौड़ते नजर आए। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, झड़प में कई लोग घायल हुए हैं और पांच को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है।

रोमफोर्ड में कार्यक्रम के बाद भिड़े दोनों गुट

चश्मदीदों और स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, हिंसा पूर्वी लंदन के रोमफोर्ड स्थित मेफेयर वेन्यू के बाहर सोमवार रात करीब 10 बजे हुई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की पांच गाड़ियां और दो एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। आपातकालीन चिकित्सा टीमों ने वेन्यू के अंदर घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद नाहिद इस्लाम भी घायलों का हाल जानने अस्पताल पहुंचे।

नाहिद इस्लाम ने अवामी लीग समर्थकों पर लगाया आरोप

मंगलवार, 17 नवंबर की सुबह नाहिद इस्लाम ने अपने वेरिफाइड फेसबुक अकाउंट पर बयान जारी कर हिंसा के लिए अवामी लीग के समर्थकों को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि बांग्लादेश में अवामी लीग से जुड़े कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में शामिल प्रवासी बांग्लादेशियों और विश्वविद्यालय के छात्रों को जानबूझकर निशाना बनाया। नाहिद ने यह भी दावा किया कि घटना के समय अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठनों के प्रतिनिधि और पत्रकार मौजूद थे, जिन्होंने पूरी घटना देखी। उन्होंने ब्रिटिश सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। हालांकि, अवामी लीग समर्थकों के खिलाफ लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

ब्रिटेन में पहले भी हुआ विरोध

नाहिद इस्लाम बांग्लादेश में जुलाई 2024 में हुए छात्र आंदोलन के प्रमुख चेहरों में शामिल रहे हैं। इसी आंदोलन के बाद 5 अगस्त 2024 को शेख हसीना की सरकार सत्ता से हट गई थी। सरकारी नौकरियों में आरक्षण के विरोध से शुरू हुए आंदोलन के बाद गठित नेशनल सिटिजन पार्टी (NCP) में नाहिद शीर्ष नेताओं में शामिल हैं। उनके राजनीतिक बयानों और पार्टी की गतिविधियों को लेकर भारत में भी चर्चा होती रही है। NCP के एक नेता की ओर से कथित तौर पर भारत के पूर्वोत्तर राज्यों और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण सिलीगुड़ी कॉरिडोर को लेकर दिए गए विवादित बयान के बाद पार्टी पर सवाल उठे थे। जमात-ए-इस्लामी के साथ उसके राजनीतिक संबंधों को लेकर भी चिंताएं जताई जाती रही हैं। नाहिद इस्लाम फिलहाल एक सप्ताह के ब्रिटेन दौरे पर हैं। इससे पहले शनिवार को कैंब्रिज यूनिवर्सिटी के दौरे के दौरान भी अवामी लीग समर्थकों ने उनका विरोध करने की कोशिश की थी। हालांकि, NCP कार्यकर्ताओं के हस्तक्षेप से बड़ा टकराव टल गया।

Read More

दिल्ली के शाहदरा में भरभराकर गिरा मकान, करीब 2 लोगों के मौत की खबर

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments