IND vs NZ: भारत और न्यूजीलैंड के बीच जारी वनडे सीरीज के बीच मेहमान टीम ने अपने स्क्वाड में बड़ा बदलाव किया है। सीरीज के चौथे और पांचवें मुकाबले के लिए न्यूजीलैंड ने 31 वर्षीय तेज गेंदबाज ब्रेट रैंडेल को टीम में जगह दी है। यह उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला मौका होगा, जब उन्हें राष्ट्रीय टीम में चुना गया है।
रैंडेल को घरेलू क्रिकेट का अच्छा अनुभव है। वह फर्स्ट क्लास, लिस्ट ए और टी20 क्रिकेट को मिलाकर कुल 146 मुकाबले खेल चुके हैं। हाल ही में वह डर्बीशायर के साथ काउंटी चैंपियनशिप में हिस्सा लेकर लौटे हैं।
5 गेंदों में 5 विकेट लेकर मचाई थी सनसनी
ब्रेट रैंडेल इसी साल प्लंकेट शील्ड के एक मुकाबले में अपने शानदार प्रदर्शन के कारण चर्चा में आए थे। उन्होंने लगातार 5 गेंदों पर 5 विकेट हासिल कर क्रिकेट जगत को चौंका दिया था। उनके इस प्रदर्शन ने उन्हें काफी सुर्खियां दिलाई थीं।
अब इस प्रदर्शन और घरेलू क्रिकेट के अनुभव के दम पर उन्हें पहली बार न्यूजीलैंड की राष्ट्रीय टीम में जगह मिली है।
पांचवें वनडे के लिए जोश क्लार्कसन भी टीम में शामिल
न्यूजीलैंड ने सिर्फ ब्रेट रैंडेल को ही मौका नहीं दिया है, बल्कि सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स में उनके साथी ऑलराउंडर जोश क्लार्कसन को भी टीम में शामिल किया है। हालांकि, क्लार्कसन केवल भारत के खिलाफ होने वाले पांचवें और आखिरी वनडे के लिए उपलब्ध रहेंगे।
ब्लैककैप्स के मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने रैंडेल को पहली बार राष्ट्रीय टीम में चुने जाने पर बधाई दी। उन्होंने कहा, “जब किसी खिलाड़ी को पहली बार अंतरराष्ट्रीय टीम में जगह मिलती है तो यह हमेशा एक खास पल होता है.”
वनडे सीरीज में 2-0 से आगे है टीम इंडिया
भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। टीम इंडिया पांच मैचों की सीरीज में 2-0 से आगे चल रही है। सीरीज का तीसरा मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था। इससे पहले खेले गए दोनों मैच भी बारिश से प्रभावित रहे थे, लेकिन भारतीय टीम ने जीत दर्ज करने में सफलता हासिल की।
अब न्यूजीलैंड के सामने सीरीज में वापसी की चुनौती है। मेहमान टीम को सीरीज में बराबरी करने के लिए बचे हुए दोनों मुकाबले जीतने होंगे।
चौथा वनडे गुरुवार, 13 नवंबर को खेला जाएगा, जबकि पांचवां और अंतिम मुकाबला 15 नवंबर को होगा। वनडे सीरीज समाप्त होने के बाद भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज भी खेली जाएगी।
न्यूजीलैंड का अपडेटेड स्क्वाड
मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, क्रिस्टियन क्लार्क, जैकब डफी, मैट फिशर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, मिच हे (विकेटकीपर), मैट हेनरी, काइल जैमीसन, निक केली, ब्रेट रैंडेल, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर) और विल यंग।
मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, क्रिस्टियन क्लार्क, जोश क्लार्कसन, जैकब डफी, मैट फिशर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, मिच हे (विकेटकीपर), निक केली, ब्रेट रैंडेल, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), ब्लेयर टिकनर और विल यंग।
Read More:

