HomeBreaking Newsबदरीनाथ से लौट रहा हेलिकॉप्टर जोशीमठ के पास क्रैश, पायलट समेत सभी...

बदरीनाथ से लौट रहा हेलिकॉप्टर जोशीमठ के पास क्रैश, पायलट समेत सभी 6 लोगों की दर्दनाक मौत

उत्तराखंड के चमोली जिले में बदरीनाथ धाम से उड़ान भरने के बाद एक हेलिकॉप्टर भीषण हादसे का शिकार हो गया। जोशीमठ के पास हाथी पहाड़ के पीछे चायी गांव के इलाके में हुए इस हादसे में पायलट समेत सवार सभी 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। चमोली पुलिस ने सभी 6 मौतों की आधिकारिक पुष्टि कर दी है। उत्तराखंड सिविल एविएशन डेवलपमेंट अथॉरिटी (UCADA) के अनुसार, ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का यह हेलिकॉप्टर (VT-HCX) दोपहर करीब 1:14 बजे बदरीनाथ से देहरादून के सहस्त्रधारा के लिए रवाना हुआ था, लेकिन जोशीमठ घाटी के ऊपर उड़ते ही इसका संपर्क टूट गया और यह रडार से गायब हो गया।

मैनिफेस्ट में दर्ज थे ये नाम

यूकाडा (UCADA) द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त हेलिकॉप्टर में कैप्टन हिमांशु पायलट के रूप में तैनात थे। इसके अलावा पैसेंजर मैनिफेस्ट में पांच अन्य यात्रियों के नाम दर्ज हैं, जिनमें प्रताप, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के. और एचएस नटराज शामिल हैं। हादसे के तुरंत बाद एहतियाती कदम उठाते हुए उड्डयन विभाग ने ट्रांस भारत एविएशन के पूरे हेलिकॉप्टर बेड़े की उड़ानों पर फिलहाल रोक लगाते हुए उन्हें ग्राउंड कर दिया है।

सेना, SDRF और पुलिस की संयुक्त टीमें तैनात

हादसे की जानकारी मिलते ही चमोली पुलिस, भारतीय सेना, एसडीआरएफ (SDRF), जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीमें घटनास्थल पर रवाना की गईं। जोशीमठ के एसडीएम चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया कि इलाके में संदिग्ध चीजें दिखाई देने के बाद तुरंत बचाव दल को भेजा गया। हालांकि, क्षेत्र में हो रही लगातार बारिश, घने बादलों और बेहद कम दृश्यता (विजिबिलिटी) के कारण सर्च एंड रेस्क्यू टीमों को मलबे तक पहुँचने में भारी मशक्कत करनी पड़ रही है। तलाशी अभियान में दो अन्य हेलिकॉप्टरों की भी मदद ली जा रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जताया दुख

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें राहत व बचाव कार्य में पूरी तत्परता से जुटी हुई हैं। उन्होंने अधिकारियों को स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उल्लेखनीय है कि चारधाम यात्रा मार्ग पर हवाई सुरक्षा को लेकर लगातार चिंताएँ बनी हुई हैं; इससे पहले इसी महीने अक्टूबर में रुद्रप्रयाग में खराब मौसम और टिहरी में तकनीकी खराबी के चलते हेलिकॉप्टरों की दो इमरजेंसी लैंडिंग भी करानी पड़ी थी।

 

READ MORE: इटावा के सरकारी अस्पताल में बड़ी लापरवाही, मरीजों के स्ट्रेचर पर ढोई जा रही थीं लकड़ियां

RELATED ARTICLES

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments