एशिया में बेहतर वर्कप्लेस देने वाली बड़ी कंपनियों की सूची में भारत की हिस्सेदारी इस बार मजबूत रही है। Great Place To Work की ‘Best Workplaces in Asia 2026’ रैंकिंग में बड़ी कंपनियों की टॉप-100 सूची में भारत में काम करने वाली 34 कंपनियों को जगह मिली है। हालांकि, टॉप-10 में एक भी भारतीय कंपनी शामिल नहीं है। इस सूची में Hilton पहले स्थान पर है। इसके बाद Marriott International, Cisco, AbbVie, DHL, InterContinental Hotels Group (IHG), Micron Technology, Teleperformance, Accenture और Capella का नाम आता है।
भारत से सूची में Flipkart Group, Infosys, HDFC Life Insurance, AU Small Finance Bank, Reliance Retail, Bajaj Finance, Max Healthcare, Aye Finance, Ujjivan Small Finance Bank, Zensar Technologies, Experian, Edelweiss Life और HP Inc. जैसी कंपनियां शामिल हैं। Great Place To Work India के CEO बलबीर सिंह के मुताबिक, भारतीय कंपनियों में बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज, इंश्योरेंस और IT सेक्टर की हिस्सेदारी प्रमुख है।
कर्मचारियों के अनुभव से तय हुई रैंकिंग
इस रैंकिंग में कंपनियों का आकार, कमाई या ब्रांड वैल्यू ही आधार नहीं रही। कर्मचारियों के अनुभव और फीडबैक को सबसे ज्यादा महत्व दिया गया। अध्ययन में एशिया और पश्चिम एशिया के करीब 89 लाख कर्मचारियों के अनुभव शामिल किए गए, जबकि 38 लाख से अधिक कर्मचारियों के जवाबों के आधार पर रैंकिंग तैयार हुई।
कर्मचारियों से कंपनी में भरोसा, नेतृत्व, इनोवेशन, वैल्यूज और रोजमर्रा के वर्कप्लेस अनुभव से जुड़े सवाल पूछे गए। सूची में शामिल कंपनियों के 93% कर्मचारियों ने अपनी संस्था को शानदार वर्कप्लेस माना। वहीं औसत Trust Index 91% रहा। सुरक्षित और स्वागत योग्य माहौल, निष्पक्ष व्यवहार तथा संस्था से जुड़ाव और गर्व जैसे पहलुओं पर कम से कम 95% कर्मचारियों ने सकारात्मक अनुभव बताया।
छोटी कंपनियों का कर्मचारी अनुभव बड़ी कंपनियों से बेहतर
रिपोर्ट में एक दिलचस्प अंतर भी सामने आया है। छोटी और मिडियम कंपनियों का कुल वर्कप्लेस एक्सपीरियंस स्कोर 96% रहा, जबकि बड़ी कंपनियों का स्कोर 91% था। Trust Index में भी छोटी-मिडियम कंपनियां 93% के साथ आगे रहीं, जबकि बड़ी कंपनियों को 89% स्कोर मिला। भारत की छोटी और मिडियम कैटेगरी से भी छह संगठन सूची में शामिल हुए हैं। इनमें NIA Institutions, Vahdam India, Chalet Hotels, Serentica Renewables India, Kimbal और Lord Mahavira Services India शामिल हैं।
Read More

