कर्नाटक के मंत्री सतीश जारकीहोली(Satish Jarkiholi) से जुड़े परिसरों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई लगातार दूसरे दिन भी जारी है। बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे शुरू हुई यह तलाशी लगभग 24 घंटे बाद भी चल रही है। ED की अलग-अलग टीमें कर्नाटक, महाराष्ट्र और गोवा में कुल 18 स्थानों की जांच कर रही हैं। तलाशी के दायरे में गोकक स्थित जारकीहोली का आवास, उनके साले वाई. मंजुनाथ का घर और बेलगावी में करीबी सहयोगी डॉ. गिरीश सोनवालकर का ठिकाना शामिल है।
इसके अलावा बेंगलुरु के डॉलर्स कॉलोनी में मंत्री की संपत्ति, उनकी सांसद बेटी प्रियंका जारकीहोली से जुड़े परिसर और बेलगावी में वाई.डी. मंजुनाथ की संपत्तियों की भी जांच की जा रही है। ED की टीमें इस दौरान दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड खंगाल रही हैं।
विदेशी निवेश और फॉरेन एक्सचेंज से जुड़ी जांच
मिली जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई कथित विदेशी निवेश में अनियमितता और विदेशी मुद्रा नियमों के संभावित उल्लंघन से संबंधित जांच का हिस्सा है। ED अधिकारी दस्तावेजों, वित्तीय रिकॉर्ड और दूसरे संबंधित कागजात की पड़ताल कर रहे हैं। मंत्री के बेंगलुरु स्थित सरकारी आवास के बाहर सुरक्षा भी बढ़ाई गई है।
इस बीच जारकीहोली के समर्थकों ने कार्रवाई को राजनीतिक साजिश बताया है। उनके घर के बाहर समर्थकों की भीड़ जुटी है और कुछ इलाकों में विरोध प्रदर्शन की संभावना जताई जा रही है।
डीके शिवकुमार ने कार्रवाई की टाइमिंग पर उठाए सवाल
कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने ED की कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित बताया है। उनका कहना है कि राज्य सरकार के 100 दिन पूरे होने से ठीक पहले छापेमारी होना इसके समय को लेकर सवाल खड़े करता है। शिवकुमार ने जारकीहोली का समर्थन करते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि मंत्री ने कोई गलत काम नहीं किया है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि कांग्रेस सरकार और उसके नेताओं को केंद्रीय जांच एजेंसियों के जरिए निशाना बनाया जा रहा है।
उन्होंने अपने पुराने ED मामले का उदाहरण देते हुए कहा कि जांच और कार्रवाई के बावजूद आज वह मुख्यमंत्री हैं। शिवकुमार ने वाल्मीकि विकास निगम मामले और KPSC भर्ती से जुड़े विवादों का भी उल्लेख किया। उनका कहना है कि उनकी सरकार ने खुद अनियमितताओं की जांच कराई और कई मामलों में कार्रवाई की। उन्होंने बिदादी टाउनशिप और NICE रोड परियोजना को लेकर विपक्ष के आरोपों पर भी सफाई दी। मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि जांच के बाद वास्तविक स्थिति जल्द सामने आ जाएगी।