अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप(Donald Trump) ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर एक बार फिर कड़ा रुख दिखाया है। उन्होंने संकेत दिया है कि अगर ईरान के पिकएक्स माउंटेन स्थित भूमिगत परमाणु ठिकाने पर किसी तरह की गतिविधि नजर आती है तो अमेरिका वहां सैन्य कार्रवाई कर सकता है। ट्रंप के मुताबिक, अमेरिकी एजेंसियां ईरान में होने वाली गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने ईरान के खिलाफ चल रहे अमेरिकी सैन्य अभियान का बचाव किया। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई का प्रमुख उद्देश्य ईरान को परमाणु हथियार विकसित करने से रोकना रहा है।
नतांज के पास मौजूद है यह इलाका
पिकएक्स माउंटेन ईरान की नतांज यूरेनियम संवर्धन सुविधा के आसपास के क्षेत्र में स्थित बताया जाता है। जानकारी के मुताबिक, यहां जमीन के काफी नीचे सुरंगों का एक ढांचा मौजूद है। इसी वजह से इस स्थान को हवाई हमलों से अपेक्षाकृत सुरक्षित माना जाता है।
रिपोर्टों में दावा किया गया है कि ईरान ने अपने कुछ सेंट्रीफ्यूज और परमाणु ढांचे को इस तरह की भूमिगत जगहों पर स्थानांतरित किया है। ऐसे में अगर अमेरिका इस ठिकाने को निशाना बनाता है, तो ईरान के परमाणु ढांचे पर दबाव बढ़ सकता है।
सैन्य कार्रवाई को ट्रंप ने बताया जरूरी
ट्रंप ने ईरान के खिलाफ अमेरिकी कार्रवाई को सही ठहराते हुए कहा कि इससे एक बड़े क्षेत्रीय संघर्ष को रोकने में मदद मिली। उनका दावा है कि अगर अमेरिका हस्तक्षेप नहीं करता, तो ईरान से इजरायल के साथ-साथ यूरोप और अमेरिका के लिए भी बड़ा खतरा पैदा हो सकता था।
ट्रंप ने यह भी स्पष्ट किया कि पिकएक्स माउंटेन पर अमेरिका की कार्रवाई ईरान की गतिविधियों पर निर्भर करेगी। उनका कहना है कि यदि वहां कुछ संदिग्ध या चिंताजनक गतिविधि दिखाई देती है, तो अमेरिका जवाबी कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगा। फिलहाल, ट्रंप की इस चेतावनी ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम और क्षेत्र में संभावित सैन्य तनाव को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं।