दिल्ली के डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल(RML Hospital) में इलाज कराने वाले मरीजों के लिए जल्द ही बड़ी सुविधा शुरू होने वाली है। अस्पताल का नया सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक लगभग तैयार है और प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होते ही यहां आधुनिक चिकित्सा सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी। इस नए ब्लॉक के शुरू होने से मरीजों को बेहतर जांच और विशेषज्ञ इलाज एक ही जगह मिल सकेगा। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, नए ब्लॉक का निर्माण कार्य और जरूरी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।
फिलहाल केवल अंतिम फायर एनओसी का इंतजार है। मंजूरी मिलते ही पहले चरण में सुपर स्पेशियलिटी ओपीडी, आधुनिक डायलिसिस सेंटर और एडवांस रेडियोलॉजी सुविधाएं शुरू की जाएंगी। इसके साथ ही नई डायलिसिस यूनिट से किडनी से जुड़ी बीमारियों के मरीजों को अधिक सुविधा मिलेगी। वहीं सीटी स्कैन और एमआरआई जैसी अत्याधुनिक जांच सुविधाओं से गंभीर बीमारियों की पहचान जल्दी और ज्यादा सटीक तरीके से हो सकेगी। विशेषज्ञ डॉक्टरों की ओपीडी शुरू होने से मरीजों को बेहतर चिकित्सा सलाह भी अस्पताल परिसर में ही उपलब्ध होगी।
अंतिम चरण में सुरक्षा जांच की प्रक्रिया
नए ब्लॉक को मरीजों के लिए खोलने से पहले सुरक्षा मानकों की जांच पूरी की जा रही है। दमकल विभाग आपात स्थिति में सुरक्षा व्यवस्था, वाहनों की पहुंच और अन्य जरूरी मानकों का निरीक्षण कर चुका है।
इसके अलावा पार्किंग से जुड़ी समस्याओं का भी समाधान कर लिया गया है। सुरक्षा उपकरणों और तकनीकी व्यवस्थाओं की जांच पूरी होने के बाद संचालन शुरू होने की उम्मीद है।
लाखों मरीजों को मिलेगा फायदा
लगभग 1,530 बेड क्षमता वाले RML अस्पताल में हर साल बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। यहां हर वर्ष करीब 26 लाख मरीज ओपीडी सेवाएं लेते हैं जबकि हजारों मरीज भर्ती और सर्जरी के लिए आते हैं। नए सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक के शुरू होने से अस्पताल की सुविधाएं और मजबूत होंगी। मरीजों को जांच, विशेषज्ञ परामर्श और उपचार के लिए अधिक व्यवस्थित और तेज स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।