उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में पुलिस ने एक अंतरराज्यीय ठग गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो शादी के नाम पर अविवाहित युवकों को जाल में फंसाकर उनसे मोटी रकम वसूलता था। पुलिस ने इस मामले में 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट समेत अन्य धाराओं में कार्रवाई की है।
अविवाहित युवकों को बनाते थे निशाना
पुलिस के मुताबिक, गिरोह खासतौर पर हरियाणा और राजस्थान के उन युवकों को निशाना बनाता था, जिनकी उम्र 35 से 40 वर्ष से अधिक हो चुकी थी और जिनकी शादी नहीं हो पाई थी। गिरोह के सदस्य ऐसे युवकों से संपर्क कर उन्हें भरोसा दिलाते थे कि गोरखपुर में उनके लिए अच्छा रिश्ता है। इसके बाद युवक अपने परिवार के साथ गोरखपुर पहुंचते थे। युवक के पहुंचने पर गिरोह के सदस्य लड़की के भाई, बहन, मौसी और अन्य रिश्तेदार बनकर सामने आते थे। लड़की दिखाई जाती, बातचीत होती और कुछ ही देर में शादी तय करा दी जाती। फिर बंद कमरे में सिंदूर, मंगलसूत्र और अन्य रस्में पूरी कराकर शादी जैसा माहौल तैयार किया जाता था।
फर्जी पुलिस बनकर करते थे रेड
पुलिस के अनुसार, शादी की रस्में पूरी होने के तुरंत बाद गिरोह के कुछ सदस्य फर्जी पुलिसकर्मी बनकर मौके पर पहुंचते थे और छापा मारने का नाटक करते थे। वे दूल्हे और उसके परिवार पर लड़की को जबरन बंधक बनाकर शादी कराने का आरोप लगाते और जेल भेजने और मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर मोटी रकम की मांग करते थे। डर के कारण कई परिवार पैसे देकर मामला रफा-दफा कर देते थे।
लगातार शिकायतों के बाद हुआ खुलासा
गोरखपुर पुलिस को पिछले कुछ समय से इस तरह की कई शिकायतें मिल रही थीं। जांच के बाद पुलिस ने पूरे गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 8 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
Read More
चढ़ावा चोरी मामले के बीच 6 जुलाई को राम मंदिर ट्रस्ट की अहम बैठक, इस बड़े फैसले पर लग सकती है मोहर…

