Panchkula Firing: हरियाणा के पंचकूला में भाजपा से जुड़े एक परिवार को निशाना बनाते हुए गुरुवार देर रात सनसनीखेज फायरिंग की घटना सामने आई। सेक्टर-5 क्षेत्र में भाजपा नेता नरेंद्र लुबाना के भाई रतन लुबाना पर बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। हमले में रतन लुबाना के बाजू में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के करीब दो घंटे के भीतर पुलिस ने दोनों आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
कौन हैं रतन लुबाना
रतन लुबाना सेक्टर-5 स्थित एक क्लब में पार्टनर हैं और अन्य कारोबारों से भी जुड़े हुए हैं। उनके भाई नरेंद्र लुबाना भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष रह चुके हैं और पार्षद भी रहे हैं। हाल ही में उनकी पत्नी नगर निगम के वार्ड-1 से पार्षद चुनी गई हैं। घटना के समय रतन लुबाना स्विस लांज से बाहर निकल रहे थे, तभी हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी।
फायरिंग के बाद आया गैंगस्टर का फोन
हमले के कुछ समय बाद रतन लुबाना के मोबाइल पर एक व्हाट्सएप कॉल आई, जिसे परिवार के सदस्यों ने रिसीव किया। कॉल करने वाले ने खुद को गैंगस्टर रोहित गोदारा बताया और पूछा, ‘कितनी गोलियां लगी हैं इसको।’ परिवार की ओर से जानकारी न होने की बात कहने पर कॉलर ने कहा, ‘यह दूसरों को 3 करोड़ रुपए दे रहा है। इसको गोली तो लगनी थी, आज नहीं तो कल मरेगा।’ इस कॉल के बाद मामले में गैंगस्टर नेटवर्क की भूमिका को लेकर संदेह और गहरा गया।
रंगदारी की कॉल का भी दावा
परिवार के सूत्रों के अनुसार रतन लुबाना को पहले भी रंगदारी मांगने के लिए कॉल आ चुकी थी। हालांकि उन कॉल्स में कितनी रकम मांगी गई थी और उस समय पुलिस ने क्या कार्रवाई की थी, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। घटना के बाद परिवार सदमे में है और सार्वजनिक रूप से ज्यादा कुछ बोलने से बच रहा है।
पुलिस ने तुरंत शुरू किया पीछा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वारदात के दौरान डिटेक्टिव स्टाफ का एक जवान आसपास मौजूद था। उसने हमलावरों का पीछा शुरू किया और कंट्रोल रूम को सूचना दी। इसके बाद डिटेक्टिव टीम, क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 और एंटी नारकोटिक्स सेल की टीमें सक्रिय हो गईं। पुलिस ने मट्टावाला फ्लाईओवर के पास नाकाबंदी कर आरोपियों को रोकने की कोशिश की।
मुठभेड़ में घायल हुए दोनों आरोपी
नाकाबंदी देखकर आरोपी भागने लगे और पीछा कर रही पुलिस टीम पर भी फायरिंग की। बेला बिस्टा चौक और नाडा साहिब क्षेत्र में भी गोलियां चलाई गईं, हालांकि कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपियों के घुटनों में गोलियां लगीं। घायल अवस्था में उन्हें पंचकूला के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से अधिक रक्तस्राव होने के कारण चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया।
गोल्डी बराड़-गोदारा गैंग से जुड़े आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंजाब के लुधियाना निवासी जसविंद्र और होशियारपुर निवासी हरप्रीत के रूप में हुई है। दोनों को गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा गैंग से जुड़ा शूटर बताया जा रहा है। जसविंद्र के खिलाफ हत्या के प्रयास के दो मामले पहले से दर्ज बताए गए हैं।
18 राउंड फायरिंग और हथियार बरामद
जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों ने रतन लुबाना और पुलिस टीम को निशाना बनाकर करीब 18 राउंड फायरिंग की। उनके कब्जे से दो सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल बरामद हुई हैं। दोनों हथियारों में 10-10 कारतूस क्षमता वाली मैगजीन लगी हुई थी।
पुलिस का बयान
पंचकूला के डीसीपी क्राइम अमरिंदर सिंह ने बताया कि पंजाब से आए दो बदमाशों ने सेक्टर-5 में फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस टीमों ने उनका पीछा कर मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के घुटनों में गोली लगी है, जबकि फायरिंग की घटना में शहर का एक व्यक्ति भी घायल हुआ है।
Read More:
दिल्ली के मालवीय नगर में हुई घटना पर CM योगी सख्त, कहा – इमारतों और होटलों का हो दोबारा सेफ्टी ऑडिट

