Heatwave in India: उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के मैदानी इलाकों में रहने वाले करोड़ों लोगों के लिए आने वाले 6 से 7 दिन बेहद मुश्किल भरे रहने वाले हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि देश के कोर हीटवेव जोन (CHZ) में 28 मई तक भीषण से अति भीषण लू (Severe Heatwave) का असर जारी रहेगा। लगातार बढ़ते तापमान के साथ अब रातों में भी राहत नहीं मिल रही है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।
गर्म रातें और उमस बढ़ा रही मुश्किल
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस बार गर्मी का असर केवल दिन के तापमान तक सीमित नहीं है। रात में भी तापमान सामान्य से काफी ऊपर बना हुआ है। इसके साथ हवा में बढ़ती नमी और उमस ने हालात और खराब कर दिए हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि गर्म रातें शरीर को सामान्य तापमान में लौटने का मौका नहीं दे रही हैं, जिससे लोगों पर गर्मी का असर ज्यादा पड़ रहा है।
UP और मध्य प्रदेश में गंभीर लू
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, ‘पूर्वी उत्तर प्रदेश और पूर्वी मध्य प्रदेश में 28 मई तक ‘गंभीर लू’ (Severe Heatwave) की स्थिति बनी रहेगी।’ बुंदेलखंड के बांदा जिले में तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, जिससे हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। दिन के समय सड़कों पर आवाजाही कम हो गई है और लोग घरों में रहने को मजबूर हैं।
बिहार में उमस और गर्म हवाओं का असर
बिहार में भी गर्मी और उमस लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन चुकी है। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार, ‘बिहार में अभी पूरी तरह से ‘फुल-ब्लोन हीटवेव’ की स्थिति तो नहीं है, लेकिन दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-केंद्रीय और उत्तर-पश्चिमी जिलों में लू जैसे हालात बने हुए हैं।’ उन्होंने कहा कि उच्च तापमान, पूर्वी हवाओं और भारी उमस के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अगले 3 दिनों तक स्थिति ऐसी ही बनी रह सकती है। इसके बाद तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है और उत्तर-पूर्वी बिहार में आंधी-बारिश से थोड़ी राहत मिल सकती है।
दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में रेड अलर्ट
दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी 28 मई तक लू का असर बना रहेगा। IMD के अनुसार, 24 मई से 27 मई के बीच इन इलाकों में ‘सीवियर हीटवेव’ को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।
राजस्थान में टूट सकते हैं रिकॉर्ड
राजस्थान में भीषण गर्मी का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, पूरे राज्य में 28 मई तक गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। वहीं पश्चिमी राजस्थान में 24 से 28 मई के दौरान तापमान कई पुराने रिकॉर्ड तोड़ सकता है।
इन राज्यों में भी रहेगा लू का असर
IMD के मुताबिक, महाराष्ट्र, तटीय आंध्र प्रदेश, यानम, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई हिस्सों में भी अलग-अलग दिनों में लू का असर देखने को मिलेगा। पहाड़ी इलाकों में भी बढ़ती गर्मी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
Read More:
तमिलनाडु CM विजय को उपहार में मिला विराट कोहली के ऑटोग्राफ वाला बैट, तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल

