हरियाणा(Haryana) के कैथल जिले से सामने आई एक अनोखी शादी इन दिनों लोगों का दिल जीत रही है। यह कहानी साबित करती है कि रिश्ते सिर्फ शक्ल-सूरत या लंबाई से नहीं बल्कि समझ, अपनापन और भरोसे से बनते हैं। चंदाना गांव के रहने वाले 26 वर्षीय विक्रम की लंबाई करीब 3 फीट है। बचपन से ही उन्हें लोगों के ताने सुनने पड़े। कई लोग उन्हें ‘बौना’ कहकर चिढ़ाते थे लेकिन विक्रम ने कभी खुद को कमजोर नहीं माना। उन्होंने हमेशा भरोसा रखा कि उनके लिए भी कहीं ना कहीं एक सही जीवनसाथी जरूर बना है।
दिलचस्प बात यह है कि पहले उनके लिए रिश्ते आए भी लेकिन उस समय विक्रम ने शादी से इनकार कर दिया था। उनका मानना था कि पहले उनके बड़े भाइयों की शादी होनी चाहिए। परिवार की जिम्मेदारियों को प्राथमिकता देने वाले विक्रम ने अपने बारे में बाद में सोचा। हालांकि वक्त के साथ रिश्ते आने कम हो गए लेकिन उन्होंने उम्मीद नहीं छोड़ी।
विक्रम का अंदाज बना चर्चा
आखिरकार उनकी जिंदगी में प्रियंका की एंट्री हुई। जींद जिले के हाट गांव की रहने वाली प्रियंका की लंबाई भी लगभग विक्रम जितनी ही है। दोनों की जोड़ी देखते ही बन रही थी। शादी के दौरान सबसे ज्यादा चर्चा विक्रम के अंदाज की रही।
वह अपनी दुल्हन को लेने बुलेट बाइक पर बारात लेकर पहुंचे थे। बारात में उनका आत्मविश्वास और खुशी देखकर हर कोई प्रभावित नजर आया। बुलेट पर डांस करते दूल्हे का वीडियो भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।
जोड़े को देखने के लिए उमड़ी लोगों की भीड़
जब नवविवाहित जोड़ा गांव पहुंचा तो उन्हें देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। गांव वाले इस खास जोड़ी के साथ तस्वीरें और सेल्फी लेने को उत्साहित दिखाई दिए। विक्रम पेशे से जागरण मंडली से जुड़े हुए हैं। उनका कहना है कि जिंदगी में मिले तानों को उन्होंने कभी कमजोरी नहीं बनने दिया। उनके परिवार के लिए यह शादी किसी बड़े उत्सव से कम नहीं है। विक्रम और प्रियंका की कहानी उन लोगों के लिए प्रेरणा बन रही है जो बाहरी रूप या शारीरिक कमियों को ही जिंदगी की सबसे बड़ी रुकावट मान लेते हैं।