Suvendu Adhikari Oath Ceremony Updates: पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज बड़ा बदलाव होने जा रहा है। बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी आज मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद वह सुबह 11 बजे कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करेंगे। राज्य में पहली बार बीजेपी सरकार बनने जा रही है, जिसे लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
PM मोदी और गृह मंत्री अमित शाह होंगे शामिल
शपथ ग्रहण समारोह में PM नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे। इसके अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत कई बड़े नेता कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे। समारोह को लेकर कोलकाता में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।
ममता बनर्जी को भवानीपुर सीट से हराया
शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर सीट से पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराकर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया था। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 207 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों तक सिमट गई। इसके साथ ही राज्य में टीएमसी के 15 साल पुराने शासन का अंत हो गया।
गृह अमित शाह ने किया नाम का ऐलान
8 मई को गृह मंत्री अमित शाह कोलकाता पहुंचे थे, जहां बीजेपी विधायक दल की बैठक में शुभेंदु अधिकारी को नेता चुना गया। शाह ने खुद उनके नाम का औपचारिक ऐलान किया। इसके बाद शुभेंदु अधिकारी ने राज्यपाल आर. एन. रवि से मुलाकात कर विधायकों के समर्थन पत्र सौंपे और सरकार बनाने का दावा पेश किया।
कई केंद्रीय मंत्री शपथ ग्रहण समारोह में होंगे शामिल
केंद्र सरकार की ओर से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, पेट्रोलियम मंत्री सुरेश गोपी और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी समारोह में शामिल होंगे। बीजेपी सांसद हर्षवर्धन सिंगला भी कार्यक्रम में हिस्सा लेने कोलकाता पहुंच चुके हैं।
कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी पहुंचे कोलकाता
शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए देशभर के कई बड़े नेता और मुख्यमंत्री कोलकाता पहुंचे हैं। इनमें प्रेम सिंह तमांग, पेमा खांडू, माणिक साहा और नेफियू रियो शामिल हैं। इसके अलावा एन बीरेन सिंह, उपमुख्यमंत्री नेमचा किपजेन, राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी समारोह में मौजूद रहेंगे।
Read More:
भारत के नए नौसेना प्रमुख होंगे वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन, 31 मई को करेंगे कार्यभार ग्रहण

