चंडीगढ़ की पंजाब यूनिवर्सिटी(Chandigarh PU) के हॉस्टल नंबर-6 में एक छात्र के साथ हादसा हो गया, जब वह तीसरी मंजिल से नीचे गिर पड़ा। इस दुर्घटना में उसके दोनों पैरों में फ्रैक्चर हो गया। घायल छात्र की पहचान नसीब सिंह के रूप में हुई है, जो बीए का विद्यार्थी है और मूल रूप से फिरोजपुर का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि घटना उस समय हुई जब नसीब खाना खाने के बाद अपने कमरे के बाहर बालकनी में खड़ा था।
उसी दौरान उसे अचानक चक्कर आया और उसका संतुलन बिगड़ गया, जिसके चलते वह नीचे गिर गया। आसपास मौजूद छात्रों ने उसकी आवाज सुनते ही तुरंत मदद के लिए दौड़ लगाई। वह दर्द से कराह रहा था और खुद से उठने की स्थिति में नहीं था।
घटना की जांच में जुटी पुलिस
उसके दोस्तों ने बिना देरी किए उसे तुरंत PGI अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि, उसके दोनों पैरों में फ्रैक्चर आ गया है लेकिन कोई गंभीर अंदरूनी चोट नहीं पाई गई है। समय पर इलाज मिलने से ही उसकी हालत फिलहाल स्थिर हो पाई है। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-11 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का आंकलन करने के साथ साथी छात्रों के बयान दर्ज कर पुलिस जांच में जुट दई है। पुलिस हॉस्टल परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है, ताकि घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
यूनिवर्सिटी प्रशासन सतर्क
फिलहाल इसे एक दुर्घटना माना जा रहा है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है। इस घटना के बाद पंजाब यूनिवर्सिटी प्रशासन भी सतर्क हो गया है। अधिकारियों ने स्टाफ को निर्देश दिए हैं कि हॉस्टल और अन्य इमारतों के सभी फ्लोर और छतों की जांच की जाए, ताकि किसी भी तरह की संरचनात्मक खामी या जोखिम का समय रहते पता लगाया जा सके और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।