भारत मंडपम में आयोजित एआई समिट(Delhi AI Summit Protest) के दौरान कथित तौर पर शर्टलेस प्रदर्शन करने के मामले में यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु की मुश्किलें बढ़ गई हैं। गिरफ्तारी के बाद दिल्ली पुलिस उन्हें पटियाला हाउस कोर्ट में पेश करने पहुंची। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने रिमांड पर अपना फैसला दोपहर 12:30 बजे तक सुरक्षित रख लिया है। तय समय पर ही कोर्ट आदेश सुनाएगा।
पुलिस ने मांगी सात दिन की कस्टडी
दिल्ली पुलिस ने अदालत को बताया कि इस मामले में देश के अलग-अलग हिस्सों से जुड़े लोग शामिल हैं। जांच के सिलसिले में आरोपियों को कई स्थानों पर ले जाना आवश्यक है, इसलिए सात दिनों की पुलिस कस्टडी दी जाए। पुलिस का यह भी कहना है कि प्रदर्शन के जरिए अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई, क्योंकि कार्यक्रम में विदेशी प्रतिनिधि भी मौजूद थे।
बचाव पक्ष ने जताया विरोध
उदय भानु के वकील ने पुलिस की कस्टडी मांग का विरोध करते हुए दलील दी कि उनके मुवक्किल ने जांच में पूरा सहयोग किया है। पुलिस के बुलावे पर वे हर बार पेश हुए हैं, ऐसे में गिरफ्तारी की आवश्यकता ही नहीं थी।
वकील ने यह भी कहा कि केवल टी-शर्ट की बरामदगी को आधार बनाकर पुलिस कस्टडी मांगना “हास्यास्पद” है। अब सभी की निगाहें दोपहर 12:30 बजे आने वाले अदालत के फैसले पर टिकी हैं, जिससे आगे की कानूनी प्रक्रिया तय होगी।