Mother Dairy Milk Price Hike: त्योहारी सीजन में छठ पूजा से पहले आम लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है। देश की प्रमुख डेयरी कंपनियों में शामिल मदर डेयरी ने दूध की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। PTI की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी ने अपने अलग-अलग वैरिएंट के दाम 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ाए हैं। नई कीमतें गुरुवार, 12 नवंबर 2026 से लागू होंगी। इस फैसले का सीधा असर दिल्ली-एनसीआर के लाखों ग्राहकों की जेब पर पड़ सकता है।
फुल क्रीम दूध सबसे ज्यादा हुआ महंगा
मदर डेयरी ने अपने दूध के अलग-अलग वैरिएंट की कीमतों में बदलाव किया है। इसमें सबसे ज्यादा 4 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी फुल क्रीम दूध में हुई है। वहीं, गाय का दूध 3 रुपये प्रति लीटर महंगा किया गया है। इसके अलावा टोंड और डबल टोंड दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर का इजाफा हुआ है।
मदर डेयरी के नए रेट की पूरी लिस्ट
दिल्ली-एनसीआर में 12 नवंबर से लागू होने वाली नई कीमतों के बाद ग्राहकों को अब दूध खरीदने के लिए पहले से ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे। फुल क्रीम दूध का एक लीटर पाउच अब 72 रुपये के बजाय 76 रुपये में मिलेगा। इसी तरह टोंड और डबल टोंड दूध की कीमतों में भी बदलाव किया गया है।
मदर डेयरी के दूध के नए रेट की पूरी लिस्ट
-
टोंड मिल्क (बल्क वेंडेड): पहले 58 रुपये प्रति लीटर था, अब 60 रुपये मिलेगा। कीमत में 2 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
-
फुल क्रीम मिल्क (पाउच): पहले 72 रुपये प्रति लीटर था, अब 76 रुपये मिलेगा। कीमत में 4 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
-
टोंड मिल्क (पाउच): पहले 60 रुपये प्रति लीटर था, अब 62 रुपये मिलेगा। कीमत में 2 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
-
डबल टोंड मिल्क: पहले 54 रुपये प्रति लीटर था, अब 56 रुपये मिलेगा। कीमत में 2 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
-
गाय का दूध: पहले 62 रुपये प्रति लीटर था, अब 65 रुपये मिलेगा। कीमत में 3 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
किसानों से महंगा दूध खरीदने के कारण बढ़े दाम
रिपोर्ट के मुताबिक, मदर डेयरी ने किसानों से दूध खरीदने की कीमतों में बढ़ोतरी के चलते ग्राहकों के लिए भी दाम बढ़ाए हैं। दूध की खरीद महंगी होने से कंपनी की कुल लागत पर असर पड़ा है। कंपनी अपनी दूध बिक्री से होने वाली कमाई का करीब 75 से 80 फीसदी हिस्सा किसानों तक पहुंचाती है। ऐसे में किसानों से अधिक कीमत पर दूध खरीदने का असर कंपनी के खर्च पर पड़ता है।
हालांकि, कीमतों में बढ़ोतरी के फैसले पर मदर डेयरी के प्रवक्ता ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। इससे पहले कंपनी ने 14 मई 2026 को दूध के दाम बढ़ाए थे। वहीं, अप्रैल 2025 में भी कीमतों में बदलाव किया गया था। अब मई 2026 के बाद नवंबर में एक बार फिर ग्राहकों को दूध के लिए अधिक कीमत चुकानी होगी।
दिल्ली-NCR में रोजाना 35 लाख लीटर दूध बेचती है कंपनी
मदर डेयरी दिल्ली-एनसीआर में दूध की सबसे बड़ी आपूर्तिकर्ता कंपनियों में शामिल है। कंपनी अपने आउटलेट, जनरल ट्रेड और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से इस क्षेत्र में रोजाना करीब 35 लाख लीटर दूध बेचती है। वहीं, पूरे देश में कंपनी की प्रतिदिन दूध बिक्री 50 लाख लीटर से अधिक है। ऐसे में कीमतों में हुई इस बढ़ोतरी का असर बड़ी संख्या में परिवारों के मासिक बजट पर पड़ सकता है।
1974 में हुई थी मदर डेयरी की शुरुआत
मदर डेयरी की स्थापना साल 1974 में हुई थी। यह नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड (NDDB) की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है। कंपनी मदर डेयरी ब्रांड के तहत दूध और दूध से बने उत्पादों की बिक्री करती है। इसके अलावा धारा ब्रांड के तहत खाद्य तेल और सफल ब्रांड के अंतर्गत ताजे फल-सब्जियां, फ्रोजन सब्जियां, स्नैक्स समेत कई अन्य उत्पाद भी बेचती है।
Read More:

