HomeBreaking Newsनोएडा में 55 लाख का गांजा बरामद, टेलीग्राम से ऑर्डर लेकर घर...

नोएडा में 55 लाख का गांजा बरामद, टेलीग्राम से ऑर्डर लेकर घर तक करते थे डिलीवरी

नोएडा में गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पुलिस ने खुलासा किया है। सेंट्रल नोएडा के बिसरख थाना पुलिस ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 55 किलो 124 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है, जिसकी कीमत करीब 55 लाख रुपये बताई जा रही है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही हुंडई एसेंट कार भी पुलिस ने जब्त कर ली है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी पिछले करीब दो साल से इस अवैध कारोबार में सक्रिय थे। वे टेलीग्राम ऐप के जरिए ग्राहकों से गांजे के ऑर्डर लेते थे और फिर ऑनलाइन पार्सल के माध्यम से उनकी मांग के मुताबिक सप्लाई करते थे।

निर्माणाधीन बिल्डिंग के पास पकड़े गए तीनों आरोपी

डीसीपी सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीण रंजन सिंह के मुताबिक, बिसरख पुलिस की टीम ने सोमवार को निर्माणाधीन बिल्डिंग गोल्डन ग्रांड रोड के पास तीनों आरोपियों को गांजे की खेप के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर ओडिशा और दूसरे इलाकों से कम कीमत पर गांजा खरीदते थे। इसके बाद कार के जरिए इसे स्थानीय युवाओं और नशे के आदी लोगों तक पहुंचाया जाता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी गांजे को अलग-अलग जगहों पर सप्लाई करते थे और इस काम के लिए अपनी कार का इस्तेमाल करते थे। बरामद की गई खेप का कुल वजन 55 किलो 124 ग्राम है।

ई-कॉमर्स पैकिंग में छिपाते थे गांजा

तस्करी के इस नेटवर्क का तरीका भी काफी अलग था। आरोपी गांजे को विभिन्न ई-कॉमर्स कंपनियों की पन्नियों में पैक करते थे, ताकि किसी को पैकेट देखकर शक न हो। इसके बाद टेलीग्राम ऐप के माध्यम से ऑर्डर लेकर ऑनलाइन पार्सल और डोर-टू-डोर डिलीवरी की जाती थी। पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी गांजे की गुणवत्ता अच्छी होने का दावा कर ऊंचे दामों पर बिक्री करते थे। ग्राहकों की मांग के हिसाब से नशे की खेप पहुंचाई जाती थी। इस तरीके से वे लंबे समय से अपना नेटवर्क चला रहे थे।

यूपी के रहने वाले हैं आरोपी

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आलम खान (30), निवासी गाजियाबाद, वसीम (26), निवासी बागपत और लक्ष्य राठौर (19), निवासी चोटपुर कॉलोनी, थाना सेक्टर-63 नोएडा के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी वसीम का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर थाने में पहले से मुकदमा दर्ज है। फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। उनके साथ काम करने वाले अन्य साथी और गांजे की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि अब तक इस नेटवर्क के जरिए किन-किन इलाकों में नशे की खेप पहुंचाई गई।

Read More

होर्मुज स्ट्रेट में ईरान ने नेविगेशन सिस्टम किया तबाह, अमेरिका की सुरक्षा में तेल तस्करी का दावा

Ram Janam Chauhan
Ram Janam Chauhanhttp://mhone.in
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments