HomeBreaking Newsचंडीगढ़ में पिटाई का बदला लेने के लिए नाबालिग का मर्डर, ऑटो...

चंडीगढ़ में पिटाई का बदला लेने के लिए नाबालिग का मर्डर, ऑटो चालक के कंधे को चीरती निकली गोली…

चंडीगढ़(Chandigarh) के सेक्टर-22 में गुरुवार, 22 अक्टूबर की रात पुरानी रंजिश के चलते 17 वर्षीय छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना में एक ऑटो चालक भी घायल हुआ है। वारदात का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। पुलिस ने एक 17 वर्षीय नाबालिग को हिरासत में लिया है। उसके पास से कथित तौर पर .32 बोर की पिस्टल भी बरामद की गई है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटना से करीब एक घंटे पहले सेक्टर-34 में मृतक छात्र और उसके दोस्त का सामना आरोपी नाबालिग से हुआ था। आरोप है कि दोनों ने उसकी पिटाई की और इसका वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। वीडियो वायरल होने से नाराज आरोपी ने अपने साथियों को बुलाया और कथित तौर पर बदला लेने की योजना बनाई।

घर लौटते समय ऑटो पर की फायरिंग

जानकारी के मुताबिक, छात्र अपने दोस्त के साथ ऑटो में बैठकर सेक्टर-34 से सेक्टर-22 स्थित घर लौट रहा था। इसी दौरान बाइक सवार आरोपियों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। घर के पास खतरा महसूस होने पर छात्र ने ऑटो चालक से गाड़ी तेज चलाने को कहा। इसी बीच पीछा कर रहे आरोपी ने ऑटो की ओर तीन गोलियां चला दीं।

फायरिंग के दौरान एक गोली छात्र की छाती में लगी जबकि दूसरी गोली ऑटो चालक सिकंदर पासवान के कंधे को चीरते हुए आगे के शीशे से निकल गई। छात्र को अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घायल चालक का जीएमएसएच-16 में उपचार चल रहा है। छात्र के साथ मौजूद उसका दोस्त सुरक्षित बच गया।

स्कूल के समय से थी पुरानी रंजिश

पुलिस के मुताबिक, मृतक नैतिक सेक्टर-32 स्थित एसडी स्कूल में 11वीं कक्षा का छात्र था। दोनों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के वीडियो डालने और एक क्लासमेट छात्रा को लेकर विवाद होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस ने घटनास्थल के सुराग, डैशकैम फुटेज और चश्मदीदों की जानकारी के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया। मामले में हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी को पिस्टल कहां से मिली और वारदात में अन्य लोग शामिल थे या नहीं।

यह भी पढ़ें : यूपी विधान परिषद की 11 सीटों पर मतदान जारी… शाम 4 बजे तक होगी वोटिंग

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments