HomeBreaking NewsBRICS Summit: दूसरे दिन PM मोदी की 7 अहम मुलाकातें, कजाकिस्तान से...

BRICS Summit: दूसरे दिन PM मोदी की 7 अहम मुलाकातें, कजाकिस्तान से दक्षिण अफ्रीका तक नेताओं से होगी बैठक, जानें पूरा शेड्यूल

BRICS Summit: राजधानी दिल्ली में चल रहे 18वें BRICS शिखर सम्मेलन का आज दूसरा और अहम दिन है। भारत मंडपम में BRICS के साझेदार और आमंत्रित देशों के राष्ट्राध्यक्षों और शासनाध्यक्षों की मौजूदगी में वैश्विक विकास, आर्थिक सहयोग, नवाचार और सतत विकास सहित कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी आज सात शीर्ष नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें प्रस्तावित हैं।

सुबह शुरू होगा कार्यक्रम

सम्मेलन के दूसरे दिन नेताओं और मंत्रियों का भारत मंडपम पहुंचना सुबह करीब 9:55 बजे से शुरू हो चुका है। इसके बाद सुबह 10:35 बजे सभी नेताओं की फैमिली फोटो होगी। सुबह 10:50 बजे शिखर सम्मेलन का ओपन सेशन शुरू किया जाएगा।

वैश्विक विकास पर मंथन

ओपन सेशन की थीम ‘लचीलेपन, नवाचार, सहयोग और सतत विकास के जरिए समावेशी वैश्विक विकास का भविष्य’ रखी गई है। इसमें BRICS नेता वैश्विक विकास, आर्थिक सहयोग, नवाचार और सतत विकास से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार रखेंगे और आगे की दिशा पर चर्चा करेंगे।

टोकायेव से पहली बैठक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की द्विपक्षीय बैठकों का सिलसिला दोपहर 2:30 बजे शुरू होगा। सबसे पहले वह कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायेव से मुलाकात करेंगे। दोनों नेताओं के बीच व्यापार, निवेश, रणनीतिक सहयोग और क्षेत्रीय व वैश्विक मुद्दों पर बातचीत होने की उम्मीद है।

मार्कोस और अल-सीसी से मुलाकात

दोपहर 3 बजे प्रधानमंत्री मोदी की फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर के साथ बैठक प्रस्तावित है। इसके बाद 3:30 बजे मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी से मुलाकात होगी। इन बैठकों में द्विपक्षीय संबंधों और आपसी सहयोग से जुड़े विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।

रामाफोसा से अहम बातचीत

शाम 4:10 बजे प्रधानमंत्री मोदी दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच रणनीतिक साझेदारी, व्यापार और वैश्विक सहयोग इस बातचीत के प्रमुख मुद्दों में शामिल हो सकते हैं।

अफ्रीकी नेताओं से भी संवाद

इसके बाद शाम 4:40 बजे बुरुंडी के राष्ट्रपति एवरिस्ट नदायिशिमिये के साथ प्रधानमंत्री मोदी की बैठक प्रस्तावित है। शाम 5:10 बजे वह नाइजीरिया के उपराष्ट्रपति सीनेटर काशिम शेट्टिमा से मुलाकात करेंगे। इसके बाद शाम 5:40 बजे युगांडा की उपराष्ट्रपति जेसिका अलुपो के साथ बैठक होगी।

पहले दिन क्या हुआ?

BRICS सम्मेलन के पहले दिन भी प्रधानमंत्री मोदी ने कई बड़े नेताओं के साथ द्विपक्षीय वार्ता की थी। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ भारत-चीन संबंधों और सीमा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई, जबकि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ रणनीतिक साझेदारी और व्यापार पर बातचीत हुई।

गाला डिनर में संस्कृति की झलक

पहले दिन आयोजित गाला डिनर में भारतीय संस्कृति और विरासत की शानदार प्रस्तुति देखने को मिली। इस दौरान मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने किशोर कुमार का गीत गाकर माहौल को खास बना दिया।

घोषणा-पत्र पर बनी सहमति

सम्मेलन के पहले दिन नई दिल्ली घोषणा-पत्र पर सहमति बनना प्रमुख उपलब्धियों में रहा। इसमें आतंकवाद, वैश्विक संघर्ष, व्यापार और बहुपक्षीय व्यवस्था जैसे अहम मुद्दों पर BRICS देशों का साझा रुख सामने आया।

भारत की कूटनीति पर नजर

भारत की मेजबानी में हो रहे इस शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी की सक्रिय कूटनीति लगातार दिखाई दे रही है। अलग-अलग देशों के नेताओं के साथ बैठकों के जरिए भारत व्यापार, रणनीतिक साझेदारी और वैश्विक सहयोग को मजबूत करने पर जोर दे रहा है। आज दूसरे दिन भी भारत मंडपम में होने वाली चर्चाओं पर दुनिया की नजर रहेगी।

Read More:

’10 करोड़ मिलते तो देश ही छोड़ देती…’ गौरव खन्ना से एलिमनी मिलने की बात पर आकांक्षा चमोला का करारा जवाब

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments