टीवी एक्टर गौरव खन्ना की पत्नी और ‘लॉक अप 2’ की कंटेस्टेंट आकांक्षा चमोला(Akanksha Chamola) इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। शो के दौरान आकांक्षा ने बताया था कि वह और गौरव खन्ना तलाक की ओर बढ़ रहे हैं और करीब एक साल से दोनों अलग-अलग रह रहे हैं। इसके बाद ऐसी खबरें सामने आईं कि आकांक्षा ने गौरव से कथित तौर पर 10 करोड़ रुपये की एलिमनी मांगी है। अब उन्होंने इन खबरों पर अपना पक्ष साफ किया है।
‘मैशेबल इंडिया’ को दिए इंटरव्यू में आकांक्षा से जब 10 करोड़ रुपये की एलिमनी को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने इस दावे को खारिज कर दिया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अगर उन्होंने इतनी बड़ी रकम मांगी होती और उन्हें मिल भी गई होती, तो वह आज इस तरह यहां बैठकर बात नहीं कर रही होतीं। आकांक्षा ने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि अगर उनके पास वास्तव में इतना पैसा होता, तो वह अब तक देश छोड़ चुकी होतीं।
कैसे फैली 10 करोड़ की बात?
बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ओरी ने आकांक्षा और गौरव के तलाक पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि उन्हें लगता है कि आकांक्षा तलाक के दौरान गौरव से कुछ न कुछ जरूर लेंगी। इसके बाद सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में 10 करोड़ रुपये की एलिमनी वाली बात चर्चा में आ गई। आकांक्षा ने अब स्पष्ट किया है कि उन्होंने ऐसी कोई रकम नहीं मांगी है।


