उत्तर प्रदेश(UP News) सरकार समाज कल्याण विभाग की प्रमुख योजनाओं को अधिक पारदर्शी, तेज और प्रभावी बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाने की तैयारी कर रही है। इसका उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ सही व्यक्ति तक बिना अनावश्यक देरी और गड़बड़ी के पहुंचाना है। छात्रवृत्ति, वृद्धावस्था पेंशन और राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना जैसी योजनाओं में AI आधारित सिस्टम की मदद ली जाएगी। वृद्धावस्था पेंशन और राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना में आवेदन के दौरान जमा किए जाने वाले प्रमाण पत्रों और अन्य दस्तावेजों की जांच AI की सहायता से की जाएगी।
इससे सत्यापन की प्रक्रिया पहले की तुलना में तेज हो सकती है और फर्जी दावों या गलत जानकारी की पहचान करने में मदद मिलेगी। छात्रवृत्ति योजना में आवेदन से लेकर लाभार्थी के खाते में पैसा पहुंचने तक के डेटा का भी AI के जरिए विश्लेषण किया जाएगा। यदि सिस्टम को किसी रिकॉर्ड में असामान्य जानकारी या गड़बड़ी दिखाई देती है तो संबंधित अधिकारियों को अलर्ट मिल सकेगा। इससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सकेगी।
ग्रामीण और गरीब छात्रों को AI की ट्रेनिंग
सरकार केवल योजनाओं में AI के इस्तेमाल तक सीमित नहीं रहना चाहती। गरीब और ग्रामीण पृष्ठभूमि के विद्यार्थियों को नई तकनीक से परिचित कराने पर भी जोर दिया जा रहा है। जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम, डिजिटल सामग्री, 3D वीडियो और AI आधारित लैंग्वेज लर्निंग लैब जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं।
‘एडोब एजुकेशन इंडिया’ पहल के माध्यम से शिक्षकों और विद्यार्थियों को डिजिटल स्टोरीटेलिंग, डिजिटल क्रिएटिविटी और AI आधारित कंटेंट तैयार करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके बाद राजकीय छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों को भी पाठ्यक्रम से जुड़े तकनीकी कौशल और AI टूल्स सिखाने की योजना है।
समय पर सही लाभ का है लक्ष्य
समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण के मुताबिक, सरकार की कोशिश है कि पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ बिना बिचौलिए और अनावश्यक देरी के पहुंचे। साथ ही, छात्रों को तकनीकी प्रशिक्षण देकर उन्हें भविष्य के रोजगार के अवसरों के लिए तैयार किया जा सके।