HomeBreaking News32 सेकेंड में 34 वार, स्कूल में घुसकर सिरफिरे ने महिला टीचर...

32 सेकेंड में 34 वार, स्कूल में घुसकर सिरफिरे ने महिला टीचर को चाकू से गोदकर उतारा मौत के घाट, CCTV में कैद हुई खौफनाक वारदात

Faridabad School Teacher Murder Case: हरियाणा के फरीदाबाद में एकतरफा प्यार में पागल हो चुके युवक ने 31 साल की लेडी टीचर संध्या शर्मा की स्कूल परिसर में घुसकर चाकू मारकर हत्या कर दी है। पुलिस ने वारदात के कुछ ही घंटे बाद आरोपी अमित को गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पिछले करीब एक साल से संध्या से एकतरफा प्यार करता था। जब उसने अपने प्रेम का इजहार किया और संध्या ने उसे ठुकरा दिया, साथ ही उससे दूरी बना ली, तो उसने हत्या की साजिश रच डाली।

पति के नाम का बहाना बनाकर बाहर बुलाया

पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे आरोपी पहले से चेहरा ढककर सिकरौना स्थित सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल पहुंचा। उसने स्कूल की महिला सुरक्षाकर्मी से कहा कि संध्या को बाहर बुला दें क्योंकि उनके पति विक्की उन्हें बुला रहे हैं। जैसे ही संध्या स्कूल की गैलरी में पहुंचीं, आरोपी ने उनकी चोटी पकड़कर उन्हें बाहर खींच लिया और चाकू से ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया।

32 सेकेंड में 34 बार किया हमला

जांच के अनुसार, आरोपी अमित ने महज 32 सेकेंड के भीतर संध्या पर 34 बार चाकू से वार किए। इनमें करीब 10 वार गर्दन और उसके आसपास के हिस्से पर किए गए। इसके अलावा पेट और छाती पर भी कई वार किए गए। संध्या के जमीन पर गिर जाने के बाद भी आरोपी हमला करता रहा, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

बचाने आए संचालक को भी दी धमकी

हमले के दौरान शोर सुनकर स्कूल संचालक तेजपाल मौके पर पहुंचे और आरोपी को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान अमित चाकू लहराते हुए उनकी ओर भी बढ़ा, जिससे उन्हें पीछे हटना पड़ा। इसके बाद आरोपी ने दोबारा संध्या पर हमला किया और उन्हें बेसुध छोड़कर मौके से फरार हो गया।

पहले भी दर्ज हुई थी शिकायत

मृतका के पति विक्की गुर्जर ने बताया कि संध्या पहले सिरोही गांव के एक स्कूल में पढ़ाती थीं। वहीं उनकी आरोपी अमित से जान-पहचान हुई थी। शुरुआत में सब सामान्य था, लेकिन बाद में अमित उन्हें परेशान करने लगा। इस पर परिवार ने उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। बाद में अमित ने अपनी गलती स्वीकार कर माफी मांग ली थी, जिसके बाद मामला वहीं खत्म कर दिया गया।

परेशानी से बचने के लिए बदला था स्कूल और ठिकाना

विक्की के अनुसार, लगातार परेशान किए जाने के कारण संध्या ने सिरोही गांव का स्कूल छोड़ दिया और सिकरौना स्थित सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ाना शुरू कर दिया। परिवार ने रहने की जगह भी बदल ली थी ताकि भविष्य में किसी तरह की परेशानी न हो। इसके बावजूद आरोपी उनका पीछा करता रहा और आखिरकार स्कूल पहुंचकर वारदात को अंजाम दे दिया।

दो बच्चों की मां थीं संध्या

डबुआ क्षेत्र की रहने वाली संध्या शर्मा ने फिरोजपुर गांव निवासी विक्की गुर्जर से लव मैरिज की थी। दोनों के दो बच्चे हैं, जिनमें 7 साल का बेटा और 5 साल की बेटी हैं। संध्या दूसरी कक्षा तक के बच्चों को पढ़ाती थीं और रोज अकेले स्कूल आती-जाती थीं, जबकि उनके पति प्राइवेट नौकरी करते हैं।

पुलिस ने दो घंटे में आरोपी को दबोचा

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि वारदात के करीब दो घंटे बाद एवीटीएस सिकरौना की टीम ने आरोपी 21 साल के अमित को गिरफ़्तार कर लिया। सेक्टर-58 थाना पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि संध्या आरोपी से पूरी तरह दूरी बनाना चाहती थीं और उन्होंने उससे बातचीत भी बंद कर दी थी। इसी बात से नाराज होकर अमित ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अब मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

Read More:

‘सिर उड़ाने से पहले आखिरी मौका दे रहा हूं’, ट्रंप ने ईरान को फिर दिया अल्टीमेटम, कहा- नहीं माने तो…

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments