Weather Update: IMD ने 31 जुलाई को देश के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में मानसून की रफ्तार तेज होने के संकेत दिए हैं। पिछले कुछ दिनों से कमजोर पड़ा मानसून अब फिर एक्टिव हो गया है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली समेत 15 राज्यों में अगले पांच से छह दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। छत्तीसगढ़ के पश्चिमी इलाकों और पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जबकि मानसून ट्रफ बीकानेर से लेकर बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इसके अलावा जम्मू डिवीजन पर पश्चिमी विक्षोभ भी एक्टिव हो रहा है, जिससे पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश और भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है।
इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
अगले 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम, छत्तीसगढ़, बिहार, राजस्थान और झारखंड में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं अरुणाचल प्रदेश और मेघालय में भी मूसलाधार बारिश का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग के अनुसार यह बारिश 5 अगस्त तक जारी रह सकती है।
उत्तर प्रदेश में कई जिलों पर नजर
उत्तर प्रदेश के पश्चिमी जिलों अलीगढ़, मेरठ, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, आगरा, नोएडा और गाजियाबाद में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, अयोध्या और बहराइच में भी बारिश की संभावना जताई गई है। हाल के दिनों में कमजोर पड़े मानसून के दोबारा एक्टिव होने से किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है।
दिल्ली-NCR में मौसम रहेगा सुहाना
दिल्ली-NCR में 31 जुलाई और 1 अगस्त को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं बिहार के पटना, गया, मुंगेर, सिवान और पश्चिमी चंपारण सहित कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। झारखंड के अधिकांश हिस्सों में भी मध्यम से भारी बारिश हो सकती है और हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने का अनुमान है।
पहाड़ों और पूर्वोत्तर में बढ़ा खतरा
जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग, कठुआ और उधमपुर, हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू और मंडी और उत्तराखंड के देहरादून, उत्तरकाशी और चमोली में भारी बारिश के साथ भूस्खलन की चेतावनी जारी की गई है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वहीं असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। बारिश और बाढ़ से अब तक 80 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और तीन लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक असम, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड में भारी बारिश जारी रह सकती है।
राजस्थान-गुजरात में भी बरसेंगे बादल
राजस्थान के जयपुर, भरतपुर, अजमेर और कोटा में भी झमाझम बारिश का अनुमान है। वहीं गुजरात के कुछ जिलों में 8 से 12 इंच तक बारिश होने की संभावना जताई गई है। IMD के अनुसार मानसून की यह सक्रियता अगस्त के पहले हफ्ते तक बनी रह सकती है। मौसम विभाग ने किसानों, यात्रियों और पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करते हुए जरुरी सावधानी बरतने की अपील की है।
Read More:

